- फ्रिज के अंदर बनी शिवलिंग जैसी आकृति, लोगों ने शुरू की पूजा-अर्चना
- दूर-दूर से दर्शन करने के लिए पहुंचे लोग, लगाए जयकारे
- सोशल मीडिया पर भी वीडियो हो रहा वायरल
ताजनगरी आगरा में एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां एक घर में फ्रिज के अंदर बर्फ से शिवलिंग जैसी आकृति बन गई. परिवार के लोगों ने यह बात आसपास के लोगों को बताई तो लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई. खबर आग की तरह फैली और दूर-दूर से लोग दर्शन के लिए आने लगे. यही नहीं, लोगों ने फ्रिज के अंदर ही पूजा-अर्चना और जलाभिषेक भी शुरू कर दिया. कई श्रद्धालु इसे भगवान शिव का चमत्कार मानते हुए 'हर-हर महादेव' के जयकारे भी लगाने लगे.
मामला आगरा के खेरिया मोड़ नगला भुजा क्षेत्र का है. यहां एक घर में फ्रिज के अंदर बर्फ से शिवलिंग जैसी आकृति बन गई. पहले परिवार के लोगों ने इसकी पूजा शुरू कर दी, फिर जैसे दूसरे लोगों को यह खबर पता चली वे लोग भी मौके पर पहुंच गए और पूजा-अर्चना शुरू कर दी है. देखते ही देखते लोगों की भीड़ लग गई और पूरा इलाका 'हर-हर महादेव' के जयकारों से गूंज उठा.
बाबा बर्फानी से जोड़कर चर्चा शुरू
यह मामला इसलिए और चर्चा में आ गया क्योंकि लोगों ने इसे बाबा बर्फानी से जोड़कर इसकी चर्चा शुरू कर दी. लोगों ने इसे भगवान शिव का चमत्कार बताना शुरू कर दिया. सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है.
अमरनाथ में बर्फ का शिवलिंग 90 प्रतिशत से ज्यादा पिघला
बता दें, अमरनाथ में प्राकृतिक रूप से बर्फ से बनने वाले शिवलिंग का आकार छोटा हो गया है. ऐसा इसलिए क्योंकि बर्फ पिघल रही है और उसका असर शिवलिंग पर भी पड़ा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक- 57 दिन की यात्रा पूरी होने से पहले ही बर्फ का शिवलिंग 90 प्रतिशत से ज्यादा पिघल गया है. विशेषज्ञ इसे लेकर लगातार चेतावनी देते रहे हैं कि हिमालयी पर्वत श्रृंखला दुनिया के औसत से भी तेज गर्म हो रही है. अमरनाथ गुफा समुद्र तल से 3, 888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है. गुफा और आसपास के ग्लेशियरों के पास असामान्य रूप से तापमान उस सीमा से ऊपर चला गया है जो कि बर्फ को बनाए रखने के लिए जरूरी है.
यह भी पढ़ें- भले ही शिवलिंग पिघल गया हो, लेकिन अटूट आस्था हर दिन तीर्थयात्रियों को अमरनाथ गुफा तक खींच रही
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं