- यूपी सरकार ने 7 पुलिसकर्मियों को किया निलंबित
- उन्नाव के बिहार पुलिस थाने के एसएचओ पर भी गिरी गाज
- कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही के लिए निलंबित किया गया
उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्नाव बलात्कार पीड़िता की दिल्ली के अस्पताल में मौत को संज्ञान में लेते हुए सात पुलिसकर्मियों को कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही के लिए निलंबित कर दिया है. अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी ने कहा, ‘उन्नाव के बिहार पुलिस थाने के एसएचओ अजय कुमार त्रिपाठी के साथ ही छह अन्य पुलिस कर्मियों को बलात्कार पीड़िता की मौत के सिलसिले में कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही के लिए निलंबित कर दिया गया है.' बता दें कि आग के हवाले की गई रेप पीड़िता के परिवार ने लखनऊ मंडलायुक्त और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की ओर से आश्वासन मिलने के बाद पीड़िता का रविवार को अंतिम संस्कार किया.
Unnao Rape Case: प्रशासन से आश्वासन मिलने के बाद पीड़िता के शव को दफनाया गया
इससे पहले पीड़िता के परिजन ने कहा था कि वे पीड़िता का तब तक अंतिम संस्कार नहीं करेंगे, जब तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनसे मिलने नहीं आते. पीड़िता के अंतिम संस्कार की प्रशासनिक तैयारियों के बीच मृतका की बहन ने कहा था कि जब तक मुख्यमंत्री आदित्यनाथ मौके पर नहीं आते और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन नहीं देते, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा. पीड़िता की बहन ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री से खुद बात करनी है. उसने यह भी कहा कि उसकी बहन की सरकारी नौकरी लगने वाली थी. पीड़िता की बहन ने कहा कि परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए.
Video: उन्नाव बलात्कार पर मचा राजनीतिक घमासान
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं