विज्ञापन
This Article is From Aug 01, 2017

सस्ती सियासत के लिए किसानों को बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं राहुल गांधी: भाजपा

भाजपा ने कहा, किसानों, गरीबों तथा नौजवानों के सामने राहुल गांधी का असली चेहरा उजागर हो चुका है.

सस्ती सियासत के लिए किसानों को बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं राहुल गांधी: भाजपा
भाजपा ने राहुल गांधी पर किसानों को बरगलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया
लखनऊ: भाजपा ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह 'सस्ती सियासत' के लिए किसानों को बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं. भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता शलभ मणि त्रिपाठी ने राहुल गांधी के लखनऊ दौरे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, 'राहुल गांधी सस्ती सियासत के लिए किसानों को बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं.'

त्रिपाठी ने कहा कि राहुल में अगर जरा भी नैतिकता है, तो सबसे पहले उन्हें अमेठी में ट्रस्ट के नाम पर हथियाई गई गरीब किसानों की जमीन तत्काल वापस कर देनी चाहिए. नौकरी की आस में एक साइकिल कंपनी को अपनी जमीनें देने वाले किसान अब कंपनी के भागने के बाद भुखमरी की कगार पर पहुंच चुके हैं.
यह भी पढ़ें
किसानों से मिलकर राहुल गांधी बोले-आपकी हरसंभव मदद करूंगा

प्रवक्ता ने कहा कि ना किसानों के पास जमीन बची, ना ही नौकरी मिली. यहां तक कि उन्हें मुआवजा भी नहीं मिला. उल्टे ट्रस्ट के नाम पर किसानों की जमीन गांधी परिवार के हाथों में जा चुकी है.

त्रिपाठी ने कहा, 'राहुल गांधी जनाधार खो चुके हैं और किसानों, गरीबों तथा नौजवानों के सामने भी उनका असली चेहरा उजागर हो चुका है. खुद उनके संसदीय क्षेत्र अमेठी में जनता का विश्वास राहुल पर से उठ चुका है.' उन्होंने कहा कि आज जिस मामले में राहुल गांधी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) पर विरोध जताने गए थे, ये मामला भी खुद उनकी ही सरकार के वक्त का है और तब यूपीए सरकार ने ही इस मामले को सुलझाने के बजाए और उलझा दिया था.
यह भी पढ़ें
छत्तीसगढ़ के बस्तर में एक गांव को गोद लेकर भूल गये राहुल गांधी

त्रिपाठी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों के हित के लिए शानदार फैसले ले रही है. जनधन खातों, नीम कोटेड यूरिया के उत्पादन, सस्ती बीमा लागू करने जैसे ऐतिहासिक फैसले लेकर सरकार ने किसानों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित कर दी है.

VIDEO : यूपी में किसानों से मिले राहुल गांधी
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा ने वादा किया था कि सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में किसानों का कर्जा माफ किया जाएगा और भाजपा सरकार ने अपना यह वादा पहली ही कैबिनेट में पूरा किया. यही नहीं गेहूं खरीद के रिकार्ड कायम किए गए और गन्ना किसानों का शत प्रतिशत भुगतान भी किया जा चुका है.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com