विज्ञापन

महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश का कहर, 1.22 लाख हेक्टेयर फसल तबाह; यूपी‑एमपी में भी आंधी और बारिश का खतरा

Weather News IMD Alert: महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से 1.22 लाख हेक्टेयर फसल बर्बाद. यूपी और एमपी में भी आंधी‑बारिश व ओलावृष्टि का अलर्ट. पढ़िए मौसम की खबर.

महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश का कहर, 1.22 लाख हेक्टेयर फसल तबाह;  यूपी‑एमपी में भी आंधी और बारिश का खतरा
कुदरत का प्रकोप! महाराष्ट्र में फसल तबाह, यूपी‑एमपी में भी आंधी‑बारिश का खतरा (AI जनरेटेड फोटो)

Weather News Today: महाराष्ट्र से यूपी‑एमपी तक मौसम के अलग-अलग रंग दिख रहे हैं. बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और आंधी से कई जगहों पर फसलें तबाह हुई हैं. महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दी है. राज्य में अब तक 1,22,993 हेक्टेयर से अधिक कृषि क्षेत्र प्रभावित हो चुका है. रबी सीजन की तैयार फसलें और बागवानी फसलें इस प्राकृतिक आपदा की सबसे बड़ी शिकार बनी हैं. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे नुकसान और बढ़ने की आशंका है. वहीं उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश को लेकर भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है.

रबी से लेकर फल‑सब्जियों तक भारी नुकसान

बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने रबी सीजन की तैयार फसलों को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है. गेहूं, मक्का, चना, ज्वार और प्याज की फसल को भारी नुकसान हुआ है. इसके साथ ही केला, आम, अनार, संतरा और अंगूर जैसी फल फसलें भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं. सब्जियों की बात करें तो तरबूज, खरबूजा, खीरा, पपीता और अन्य सब्जियों की खेती को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है. खेतों में खड़ी फसलें गिर गईं या पूरी तरह बर्बाद हो गईं.

Weather News: कुदरत का कहर

Weather News: कुदरत का कहर

महाराष्ट्र में जिला‑वार नुकसान की तस्वीर

राज्य के कई जिले इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुए हैं. नुकसान का दायरा इस प्रकार है :

  • नासिक: 30,448 हेक्टेयर
  • अहिल्यानगर: 23,633 हेक्टेयर
  • जलगांव: 22,361 हेक्टेयर
  • धुले: 14,832 हेक्टेयर
  • बुलढाणा: 8,507 हेक्टेयर
  • छत्रपति संभाजीनगर: 8,445 हेक्टेयर

किसानों की मांग है कि राज्य सरकार जल्द से जल्द सर्वे कराकर मुआवजे की घोषणा करे.

उत्तर प्रदेश में भी बदला मौसम का मिज़ाज

वहीं उत्तर प्रदेश में अप्रैल की शुरुआत के साथ ही मौसम करवट लेने लगा है. बीते 24 घंटों के दौरान पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहा, जबकि पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई. तापमान फिलहाल सामान्य के आसपास है, लेकिन आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं.

बीते 24 घंटे का हाल: मौसम ज्यादातर साफ

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा. पूर्वी यूपी में कहीं‑कहीं बहुत हल्की बारिश हुई. पश्चिमी यूपी के एक‑दो स्थानों पर मेघगर्जन भी देखा गया, हालांकि कहीं भी भारी बारिश नहीं हुई. बांदा सबसे गर्म, बरेली सबसे ठंडा रहा. राज्य में दिन के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया.

  • सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस बांदा में दर्ज किया गया.
  • सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस बरेली में रिकॉर्ड हुआ.

रात के तापमान में आगरा मंडल में बढ़ोतरी हुई है, जबकि बरेली मंडल में हल्की गिरावट दर्ज की गई. कानपुर और झांसी मंडल में रातें सामान्य से ज्यादा गर्म रहीं.

यूपी में आगे कैसा रहेगा मौसम?

3 अप्रैल को  पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश और गरज‑चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. यहां तेज हवा और बिजली गिरने का खतरा है. मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के लिए 3 अप्रैल को चेतावनी जारी की है कि कहीं‑कहीं गरज‑चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है. इसके अलावा 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं, जो झोंकों में 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. पश्चिमी यूपी में 4 और 5 अप्रैल को कई इलाकों में बारिश और आंधी (50–60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज़ हवा), बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. पूर्वी यूपी में 5 अप्रैल को कई इलाकों में बारिश और गरज‑चमक व कुछ जिलों में तेज़ आंधी और ओले गिरने की आशंका है.

मध्य प्रदेश में भी मौसम ने दिखाई सख्ती

मध्य प्रदेश में भी मौसम का मिज़ाज बदला हुआ है. राज्य के 42 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है. अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और सिवनी में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है.

40 से ज्यादा जिलों में तेज आंधी‑बारिश की चेतावनी

भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, आगर‑मालवा, राजगढ़, शाजापुर, देवास, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सीहोर, हरदा, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, मंडला और बालाघाट में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी दी गई है.

6 अप्रैल तक राहत के आसार नहीं

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 6 अप्रैल तक आंधी और बारिश का दौर बना रह सकता है. भोपाल में देर रात तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि गुरुवार को राज्य के 15 जिलों में बारिश हुई और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी देखी गई.

यह भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ में खराब मौसम का कहर, बिजली गिरने से 13 वर्षीय स्कूली छात्रा की मौत, IMD का अलर्ट जारी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com