- नोएडा के ममूरा इलाके में लगी आग में कम से कम 2 लोगों की मौत हुई है
- बिल्डिंग में फंसे लोगों को बांस की सीढ़ी के जरिए बचाया गया है
- इलेक्ट्रिक स्कूटर में शॉर्ट सर्किट के कारण बिल्डिंग में आग फैली
नोएडा के मामूरा गांव में आज एक इमारत में आग लग गई. इस हादसे में कम से कम दो लोगों की मौत हुई है. जहां आग लगी थी वो रास्ता इतना संकरा था कि वहां तक पहुंचना मुश्किल था. आग ऊपर की मंजिल तक फैल गई थी.चारों तरफ धुएं का गुबार था. लोगों में अफरा-तफरी मची हुई थी. आलम ये था कि बिल्डिंग से नीचे उतरना मुश्किल था.
बांस की सीढ़ी से बची जान
लोग इस आग के बाद चिल्ला रहे थे. जिस बिल्डिंग में आग लगी थी वहां से लोगों को दूसरी बिल्डिंग में बांस की सीढ़ी लगाकर बचाया गया. इस बांस की सीढ़ी के जरिए 40 से ज्यादा लोगों को बचाया गया. बताया जा रहा है कि नोएडा के फेज 3 थाना क्षेत्र के मामूरा की ये घटना है. दमकल विभाग की टीम ने राहत और बचाव कार्य के जरिए लोगों की जान बचाई.
इलेक्ट्रिक बाइक में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
खबरों के मुताबिक इलेक्ट्रिक बाइक में शॉर्ट सर्किट के कारण ये भीषण आग लगी. आग इतनी तेजी से आसपास फैली कि वहां खड़ी गाड़ियां धू-धू कर जल उठी. आग लगने के बाद बिल्डिंग में फंसे लोगों को दमकलकर्मियों ने तुरंत नीचे उतारा. संकरी गलियों के कारण दमकलकर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बिल्डिंग में आग बुझाने का कोई उपकरण नहीं था जिसके कारण आग पर जल्दी काबू नहीं पाया जा सका. आग इसके बाद काफी तेजी से बढ़ी. आग लगने के करीब एक घंटे बाद गाड़ी आई थी. बिल्डिंग में 50-60 लोग रहते हैं.
सेंट्रल नोएडा के डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एक इलेक्ट्रिक स्कूटर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी. इस आग के कारण आसपास खड़ी गाड़ियों में आग तेजी से फैली और बिल्डिंग में ऊपर की तरफ चली गई. पुलिस के जैसे ही सूचना मिली पुलिस की टीम और दमकलकर्मियों की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. उन्होंने बताया कि करीब 100 लोगों को आग से बचाया गया. उन्होंने बताया बिल्डिंग के लीजहोल्डर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.
यह भी पढ़ें, नोएडा के ममूरा गांव में इलेक्ट्रिक बाइक में आग लगने से हादसा, 2 की मौत, 100 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं