- मेरठ कैंटोनमेंट बोर्ड के नामित सदस्य सतीश कुमार शर्मा को तीन लाख रुपये रिश्वत लेते हुए CBI ने गिरफ्तार किया.
- शिकायतकर्ता की मां की फर्म को गांधी बाग में पार्किंग और कैंटीन का ठेका दिया गया था, जिसके लिए रिश्वत मांगी गई.
- CBI ने 29 मई को भ्रष्टाचार का मामला दर्ज कर प्रारंभिक जांच के बाद विशेष ट्रैप टीम बनाकर कार्रवाई की.
मेरठ में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए CBI ने कैंटोनमेंट बोर्ड के नामित सदस्य सतीश कुमार शर्मा को 3 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है. CBI की इस कार्रवाई से मेरठ कैंट इलाके में हड़कंप मच गया है. CBI के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने एजेंसी को बताया था कि उसकी मां के नाम पर संचालित एक निजी फर्म को मेरठ कैंट स्थित गांधी बाग में पार्किंग, कैंटीन और प्रवेश शुल्क वसूली का ठेका मिला हुआ है. आरोप है कि इस ठेके को बिना किसी परेशानी के जारी रखने और कामकाज सुचारू रूप से चलाने के बदले कैंटोनमेंट बोर्ड के नामित सदस्य सतीश कुमार शर्मा ने 3 लाख रुपये की अवैध रिश्वत की मांग की थी.
29 मई को दर्ज हुआ था करप्शन का केस
शिकायत मिलने के बाद CBI ने मामले की जांच शुरू की और 29 मई 2026 को भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया. प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद एजेंसी ने एक विशेष ट्रैप टीम गठित की और आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई.
3 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार
CBI अधिकारियों ने शिकायतकर्ता के साथ मिलकर जाल बिछाया. तय योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता आरोपी के पास रिश्वत की रकम लेकर पहुंचा. इसी दौरान आरोपी सतीश कुमार शर्मा ने कथित तौर पर 3 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की और रकम स्वीकार कर ली. जैसे ही आरोपी ने पैसे लिए, पहले से मौजूद CBI टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया.
CBI ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि रिश्वतखोरी के इस मामले में कोई और व्यक्ति भी शामिल था या नहीं.
हर एंगल से हो रही जांच
CBI ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को गाजियाबाद की अदालत में पेश किया जा रहा है. एजेंसी अब मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और रिश्वत मांगने तथा लेने से जुड़े सबूतों को खंगाला जा रहा है. जांच एजेंसी का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे की जांच के आधार पर अन्य कानूनी कदम भी उठाए जा सकते हैं.
यह भी पढ़ें - आर्मी टेंडर घोटाले में CBI का बड़ा एक्शन, ईस्टर्न कमांड के कर्नल हिमांशु बाली गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं