Mainpuri double murder case: जनपद मैनपुरी के थाना बरनाहल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फूलापुर में 26/27 जनवरी की रात हुए नृशंस दंपत्ति हत्याकांड का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है. इस जघन्य दोहरे हत्याकांड में चौंकाने वाला सच सामने आया है, मृतक दंपत्ति की हत्या किसी बाहरी बदमाश ने नहीं, बल्कि करीबी रिश्तेदार और पड़ोसी ने मिलकर की थी. पुलिस के अनुसार, ग्राम फूलापुर निवासी महेशचंद्र (60) पुत्र राजाराम और उनकी पत्नी अनीता देवी (58) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के संबंध में मृतक के पुत्र ललित की तहरीर पर थाना बरनाहल में बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था.
5 टीमों ने सुलझाई गुत्थी
दोहरे हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा के निर्देश पर 5 विशेष टीमों का गठन किया गया. सर्विलांस, साइबर सेल से प्राप्त तकनीकी साक्ष्य, घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्य और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के विश्लेषण ने इस केस में अहम भूमिका निभाई. मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने दो आरोपियों अर्जुन और आनंद को गिरफ्तार कर लिया.

शत-प्रतिशत लूटा गया माल बरामद
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से मृतक दंपत्ति के घर से लूटे गए आभूषणों की शत-प्रतिशत बरामदगी की है. साथ ही अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 02 तमंचे और 02 खोखा कारतूस भी बरामद किए गए हैं.
पुरानी रंजिश और शादी के जेवर बने हत्या की वजह
पूछताछ में आरोपी आनंद ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि उसकी बहन एक विशेष जाति के युवक के साथ चली गई थी, जिसको लेकर मृतक महेशचंद्र और उनके परिजन लगातार ताने देते थे. इससे आनंद और उसके परिवार की बदनामी हो रही थी, जिसके चलते वह मृतक से गहरी रंजिश रखता था. आनंद की पहचान अर्जुन से पहले से थी, क्योंकि अर्जुन मृतक महेशचंद्र के चचेरे भाई का दामाद है और दोनों परिवारों के संबंध भी अच्छे नहीं थे. दोनों ने मिलकर योजना बनाई कि मृतक के छोटे बेटे की शादी 17 फरवरी को होनी है, जिस कारण घर में भारी मात्रा में जेवरात रखे होंगे.

छत के रास्ते घर में घुसे, सोते समय मारी गोली
23 जनवरी को जब मृतक का बड़ा बेटा और बहू नोएडा चले गए, तभी से आरोपी मौके की तलाश में थे. 26/27 जनवरी की रात दोनों अभियुक्त महेशचंद्र के भाई रामलखन के मकान की ओर से सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए. घर में घुसते ही आनंद ने हॉल में सो रहे महेशचंद्र को गोली मार दी. गोली की आवाज सुनकर उनकी पत्नी अनीता देवी जाग गईं और चिल्लाने लगीं, तभी अर्जुन ने उन्हें भी गोली मार दी. इसके बाद दोनों अभियुक्तों ने घर में जमकर लूटपाट की और फरार हो गए.
पुलिस की कार्रवाई से गांव में राहत
दोहरे हत्याकांड के सफल खुलासे के बाद पुलिस की इस कार्रवाई से गांव में दहशत के बीच राहत की सांस ली जा रही है. पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है. मैनपुरी पुलिस का यह खुलासा न सिर्फ एक अंधे हत्याकांड की परतें खोलता है, बल्कि यह भी बताता है कि अपराध चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून के हाथ लंबे होते हैं.
इनपुट: प्रमोद पांडे, मैनपुरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं