- कानपुर में पुलिस फायरिंग का एक नया वीडियो आया सामने
- पुलिस ने फायरिंग की बात को खारिज किया था
- इससे पहले भी फायरिंग का एक वीडियो सामने आया था
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के कानपुर (Kanpur) से पुलिस फ़ायरिंग का एक नया वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में दो पुलिस वाले फ़ायरिंग करते दिख रहे हैं. ये वीडियो शुक्रवार 20 दिसंबर दोपहर 3 बजे का है. बता दें कि नागरिकता क़ानून (Citizenship Amendment Act) के ख़िलाफ़ कानपुर में हुई हिंसा में 20 दिसंबर को 3 लोग मारे गए थे. वहीं यूपी पुलिस का कहना है कि सिर्फ़ रबर बुलेट और पैलेट गन से फ़ायरिंग हुई. हालांकि वीडियों में पुलिसकर्मी फ़ायरिंग करते दिख रहे हैं.
देखें वीडियो-
इससे पहले भी कानपुर का ही एक ऐसा वीडियो सामने आया था जिसमें यूपी पुलिस फ़ायरिंग करती दिख रही थी. आपको बता दें कि फायरिंग का वीडियो कानपुर यतीमखाना चौराहे का था. उत्तर प्रदेश में हुई हिंसा में ज़्यादातर मौतें बुलेट इंजरी से हुई हैं. कानपुर में हुई हिंसा के पहले डीजीपी ओपी सिंह का दावा था कि पुलिस ने फायरिंग नहीं की है और आईडी लॉ ऑर्डर प्रवीण कुमार ने भी यह कहा था कि जो भी गोलियां चली हैं. वह प्रदर्शनकारियों की ओर से चली हैं.
CAA के खिलाफ प्रदर्शन: पुलिस ने कबूला, बिजनौर में पुलिस की गोली से ही मरा IAS की तैयारी कर रहा युवक
CAA के खिलाफ यूपी में 21 दिसंबर को हिंसा हुई थी. इसके अलावा कानपुर-रामपुर में भीड़ ने आगजनी की और पुलिस के साथ उनकी झड़प हुई थी. उत्तर प्रदेश पुलिस ने कहा कि हिंसा की वारदात में 260 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं जिनमें से 57 को गोलियां लगी हैं.
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 21 दिसंबर को प्रदर्शनकारियों ने कानपुर में यतीमखाना पुलिस चौकी को आग के हवाले कर दिया. इस दौरान जबरदस्त पथराव भी हुआ जिसमें पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हो गए. पुलिस ने भीड़ को तितर बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया था और आंसू गैस के गोले दागे थे.रामपुर में संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प में एक व्यक्ति की जान चली गयी थी और पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हो गये थे.