- कानपुर में बीजेपी नेता रमेश यादव को बंधक बनाकर 50 लाख की लूट हुई है.
- वह रात में ही लखनऊ से वापस कानपुर लौटे थे, आधी रात के वक्त यह घटना हुई.
- रमेश यादव को भाजपा पिछड़ा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश मंत्री बनाया गया है.
उत्तर प्रदेश में बीजेपी के जिस नेता के घर पर सुबह से शाम तक बधाइयों का तांता लगा था. उन्हीं के घर पर रात में लाखों रुपए की लूट हो गई. मामला कानपुर का है. यहां रमेश यादव को भाजपा पिछड़ा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी मिली थी. इस जिम्मेदारी को संभालने के बाद वह जब राजधानी लखनऊ से वापस लौटे तो आधी रात फार्म हाउस में घुसे नकाबपोशों ने हाथ-पैर बांधकर उन्हें बंधक बना लिया. उनके घर से 50 लाख रुपए की लूट हो गई. घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है. बताया जा रहा है कि रमेश यादव का फॉर्महाउस शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर था.
कानपुर में रमेश यादव को बंधक बनाकर लूट
राजनीति में दिन और रात के बीच किस्मत कैसे करवट लेती है, इसका उदाहरण यूपी में दिखा है. कानपुर के भाजपा नेता रमेश यादव के लिए 1 अक्टूबर का दिन बेहद खास था. उन्हें भाजपा पिछड़ा मोर्चा का प्रदेश मंत्री बनाया गया था. सोमवार को ही वह लखनऊ में अपना पदभार ग्रहण करके देर शाम कानपुर लौटे थे. दिनभर की भागदौड़ के बाद वे शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित अपने फार्म हाउस में आराम कर रहे थे. तभी आधी रात के वक्त नकाबपोश बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में फार्म हाउस में एंट्री ली और उन्हें बंधक बना लिया.
गनर को नहीं लगी भनक
बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे. उन्होंने सबसे पहले रमेश यादव को काबू में किया और उनके हाथ-पैर बांध दिए. इसके बाद बदमाशों ने पूरे घर को खंगाला और लगभग 50 लाख रुपये की नकदी व कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया. इस हाई-प्रोफाइल नेता के घर हुई इतनी बड़ी वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है. खास बात यह है कि बाहर खड़े गनर को भी इस बात की भनक नहीं लगी कि अंदर क्या हो रहा है.
ये वीडियो भी देखिए
रमेश यादव कानपुर के सीनियर नेता
रमेश यादव इलाके के सीनियर नेता हैं. वह तीन बार ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं और उनकी पत्नी शशि भी ब्लॉक प्रमुख रही हैं. साल 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर बिठूर विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ा था. हाल ही में उन्होंने भाजपा का दामन थामा और उन्हें प्रदेश मंत्री जैसी अहम जिम्मेदारी सौंपी गई थी. सत्ताधारी दल के बड़े नेता के घर डाके की खबर जैसे ही पुलिस को लगी तो महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस के सीनियर अफसर रातों-रात मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी. जॉइंट पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा, डीसीपी साउथ दीपेंद्रनाथ चौधरी और भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस फिलहाल फार्म हाउस और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि नकाबपोशों की पहचान हो सके. कानपुर पुलिस ने पूरे इलाके की नाकेबंदी कर दी है. लेकिन अब तक लुटेरों का कोई ठोस सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है.
ये भी पढे़ंः मुजफ्फरनगर में 81 वर्षीय पुजारी स्वामी देवानंद भारती की हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने मंदिर में मारी गोली
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं