पत्नी से चल से विवाद को खत्म करने और उसे खुश करने लिए एक युवक ने नोएडा के सेक्टर 18 की कार पार्किंग से कार चोरी कर ली. आरोपी चोरी की कार लेकर एटा स्थित अपनी पत्नी के पास पहुंचा और उसे बताया कि वह कार खरीदकर लाया है, हालांकि कार चोरी की शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से चोरी की कार और फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है. पुलिस के मुताबिक- गिरफ्तार आरोपी की पहचान 22 साल के अरुण पुत्र अखिलेश के रूप में हुई है. वह मूल रूप से एटा के बागवाला थाना क्षेत्र के सोनसा गांव का रहने वाला है. इस वक्त वह नोएडा के सेक्टर 63 स्थित छिजारसी में किराये के मकान में रहता है. आरोपी नोएडा में ड्राइवर की नौकरी करता है.
मामला 12 सितंबर का है. गाजियाबाद निवासी एक टैटू आर्टिस्ट युवती ने अपनी हुंडई एक्सटर कार सेक्टर-18 स्थित एक पार्किंग में खड़ी की थी. इसके बाद वह इंटरव्यू देने चली गई.वापस लौटने पर कार पार्किंग से गायब मिली. युवती की शिकायत पर सेक्टर 20 थाने में कार चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस पूछताछ में आरोपी अरुण ने बताया कि उसका पत्नी से विवाद चल रहा था. वह पत्नी को मनाना चाहता था और उसे प्रभावित करने के लिए कार लेकर उसके पास जाना चाहता था. इसी वजह से उसने पार्किंग से कार चोरी कर ली.
कार चोरी करने के बाद अरुण उसे लेकर एटा पहुंचा और पत्नी से कहा कि उसने कार खरीदी है. बाद में जब उसे पता चला कि कार चोरी के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है तो वह कन्नौज में अपनी बहन के घर चला गया. पुलिस के मुताबिक- इस दौरान उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया था. सेक्टर 20 थाना पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी के कब्जे से हुंडई एक्सटर बरामद की. कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी, जबकि उसकी असली नंबर प्लेट कार की डिग्गी में रखी मिली. पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां उसे जेल भेज दिया गया और अब पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं