विज्ञापन

गोरखपुर के दुर्गा पंडाल में लटके मुस्कान-साहिल के पुतले, नीला ड्रम कांड पर अनोखी झांकी

गोरखपुर के सिंघड़िया में राक्षसों के बीच लटकाए गए मुस्कान और साहिल के पुतलों को देखने के लिए भी लोगों की भीड़ जुट रही है.

गोरखपुर के दुर्गा पंडाल में लटके मुस्कान-साहिल के पुतले, नीला ड्रम कांड पर अनोखी झांकी
राक्षसों के बीच लटकाए गए मुस्कान और साहिल के पुतला

यूपी के गोरखपुर के सिंघड़िया में स्थापित दुर्गा पूजा पंडाल इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. यहां युवा गोल्डन छात्र समिति ने मेरठ के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड के आरोपी मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला के पुतलों को राक्षसों के साथ लटकाया है. इसके माध्यम से समिति ने समाज में बढ़ती बुराइयों और अपराध के खिलाफ संदेश देने की कोशिश की है.

अंदर का दृश्य डरावना

भूतिया गुफा के आकार में तैयार पंडाल, स्प्रिंग से चलने वाली स्वचालित मूर्तियां और मां दुर्गा की विद्युत चालित प्रतिमा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं. पंडाल में प्रवेश के लिए गुफानुमा रास्ता तैयार किया गया है. अंदर का दृश्य डरावना बनाया गया है, जिससे यहां आने वाले लोगों को अलग तरह का अनुभव मिल रहा है. राक्षसों के बीच लटकाए गए मुस्कान और साहिल के पुतलों को देखने के लिए भी लोगों की भीड़ जुट रही है. कई लोग लंबी कतारों में लगकर पंडाल पहुंच रहे हैं और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देने वाली झांकी देख रहे हैं.

लोगों को यह संदेश देने की कोशिश

समिति के कार्यकर्ता शिवम चौधरी ने बताया कि इस बार पंडाल की थीम पिछले वर्षों से अलग रखी गई है. मेरठ के चर्चित हत्याकांड में अदालत के फैसले की जानकारी मिलने के बाद समिति के सदस्यों ने इस विषय को अपनी झांकी में शामिल करने का निर्णय लिया. उन्होंने बताया कि समिति के लोगों ने फैसले पर खुशी जताई और उसी दिन मुस्कान व साहिल के पुतलों को सड़क के बीच बिजली के खंभों के सहारे लटका दिया. शिवम ने बताया कि इसके माध्यम से लोगों को यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि समाज में बुराई और अपराध करने वालों को अंततः अपने कर्मों का परिणाम भुगतना पड़ता है. समिति चाहती है कि लोग इस झांकी से सीख लें और समाज में गलत काम करने वालों के खिलाफ जागरूक हों. सड़क से गुजरने वाले लोगों के लिए भी ये पुतले आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं.

मेरठ में मार्च 2025 में सामने आए इस हत्याकांड ने पूरे देश में सुर्खियां बटोरी थीं. मामले में मर्चेंट नेवी अधिकारी सौरभ राजपूत की हत्या का आरोप उनकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला पर लगा था. आरोप था कि हत्या के बाद शव को नीले ड्रम में रखकर सीमेंट से बंद कर दिया गया था, ताकि वारदात का पता न चल सके.

इस मामले में 15 अक्टूबर 2026 को अदालत ने दोनों आरोपियों को मौत की सजा सुनाई. इसी फैसले के बाद गोरखपुर के सिंघड़िया स्थित युवा गोल्डन छात्र समिति के पंडाल में दोनों के पुतलों को प्रदर्शित किया गया. समिति ने इसे समाज में अपराध के खिलाफ संदेश देने और बुराई पर अच्छाई की जीत को दर्शाने का माध्यम बताया है.

ये भी पढ़ें : लखनऊ शिवा शर्मा मौत मामला: आरोपी श्रद्धा दुबे गिरफ्तार, नागपुर से यूपी STF ने पकड़ा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Durga Pandal, Muskan Rastogi, Meerut Blue Drum Case, Saurabh Rajput Murder Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com