विज्ञापन
This Article is From May 09, 2020

श्रमिक स्पेशल ट्रेन से बलिया पहुंचे मजदूरों ने कहा: हमसे वसूले गए टिकट के पैसे

मजदूरों का कहना है कि गुजरात पुलिस ने यात्रा के लिए उनसे रेल टिकट के रूप में 725 रुपये वसूल किए हैं. हालांकि जिलाधिकारी ने ऐसी किसी बात की जानकारी होने से इनकार किया है.

श्रमिक स्पेशल ट्रेन से बलिया पहुंचे मजदूरों ने कहा: हमसे वसूले गए टिकट के पैसे
मजदूरों का कहना है कि गुजरात पुलिस ने यात्रा के लिए उनसे रेल टिकट के रूप में 725 रुपये वसूल किए
बलिया:

गुजरात के राजकोट से एक विशेष ट्रेन से शनिवार दोपहर उत्तर प्रदेश के बलिया रेलवे स्टेशन पहुंचे मजदूरों ने कहा कि उनके रेल टिकट के पैसे लिए गए हैं. ट्रेन 1,176 लोगों को लेकर बलिया पहुंची. मजदूरों का कहना है कि गुजरात पुलिस ने यात्रा के लिए उनसे रेल टिकट के रूप में 725 रुपये वसूल किए हैं. हालांकि जिलाधिकारी ने ऐसी किसी बात की जानकारी होने से इनकार किया है. जिलाधिकारी हरि प्रताप शाही ने बताया कि गुजरात के राजकोट से श्रमिक विशेष ट्रेन शनिवार दोपहर बलिया रेलवे स्टेशन पहुंच गई.  उन्होंने बताया कि ट्रेन में राजकोट से 1,176 श्रमिक आए, जिनमें 420 श्रमिक बलिया जिले के तथा शेष श्रमिक प्रयागराज, फतेहपुर, हरदोई, महराजगंज, कुशीनगर और इटावा आदि जिलों के हैं. 

शाही ने बताया कि बलिया पहुंचने के बाद सभी श्रमिकों का नाम सूचीबद्ध करने के साथ ही उनकी चिकित्सकीय जांच कराई गई. इसके बाद उन्हें खान-पान सामग्री, पानी की बोतल एवं मास्क मुहैया कराकर राज्य सड़क परिवहन निगम की 55 बसों से उनके गन्तव्य के लिए रवाना कर दिया गया.

इस बीच,राजकोट से आए श्रमिकों ने कहा कि यात्रा के लिए उनसे 725 रुपये किराया लिया गया है. एक श्रमिक राजेश पाल ने कहा कि गुजरात पुलिस ने उनसे यह वसूली की है. श्रमिकों ने अपने टिकट भी दिखाए. इस संबंध में पूछे जाने पर जिलाधिकारी शाही ने कहा कि वह किराये को लेकर कोई जानकारी नही दे सकते.

VIDEO: कोरोना मरीजों की नई डिस्चार्ज नीति, गंभीर मरीजों की छुट्टी से पहले जांच जरूरी

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com