विज्ञापन

स्मार्ट मीटर नियमों में बड़ा बदलाव: अब नहीं कटेगी तुरंत बिजली, बिल भरने के लिए मिलेगा समय

उत्तर प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए योगी सरकार ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था में अहम बदलाव किया है. तकनीकी दिक्कतों और अचानक बिजली कटने की शिकायतों को देखते हुए अब स्मार्ट/प्रीपेड मीटर को पोस्टपेड की तरह चलाने का फैसला लिया गया है.

स्मार्ट मीटर नियमों में बड़ा बदलाव: अब नहीं कटेगी तुरंत बिजली, बिल भरने के लिए मिलेगा समय
UP News: अब महीने में नहीं कटेगी बिजली

UP News: उत्तर प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर आई है. योगी आदित्यनाथ सरकार ने स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों की परेशानी को समझते हुए नियमों में बड़ा बदलाव किया है. अब प्रीपेड स्मार्ट मीटर को पोस्टपेड की तरह इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को तुरंत बिजली कटने की समस्या से राहत मिलेगी.

अब कैसे काम करेगा स्मार्ट मीटर?

मामले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बताया कि अब सभी स्मार्ट मीटर बिल्कुल पुराने पोस्टपेड मीटर की तरह काम करेंगे. यानी प्रीपेड सिस्टम को फिलहाल बंद कर दिया गया है. अब हर महीने की 1 तारीख से 30 तारीख तक बिजली की खपत का हिसाब बनेगा. इसके बाद अगले 10 दिनों के भीतर उपभोक्ताओं को उनका बिल SMS या WhatsApp के जरिए भेज दिया जाएगा. सबसे बड़ी राहत यह है कि बिल भरने के लिए 15 दिन का समय मिलेगा. यानी अब जल्दबाजी में रिचार्ज कराने की जरूरत नहीं होगी.

मोबाइल नंबर अपडेट करना है जरूरी

क्योंकि बिल सीधे मोबाइल पर भेजा जाएगा, इसलिए उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अपना फोन नंबर अपडेट रखें और बिजली विभाग के मैसेज पर ध्यान दें. अगर बिल नहीं मिलता है, तो उपभोक्ता चैटबॉट के जरिए अपना बिल निकाल सकते हैं. ऑनलाइन शिकायत की सुविधा भी दी गई है, जिससे समस्याओं का जल्दी समाधान हो सके.

बिजली कटने की समस्या से राहत

पहले प्रीपेड मीटर में बैलेंस खत्म होते ही बिजली तुरंत कट जाती थी, जिससे लोगों को अचानक परेशानी होती थी. अब सरकार ने साफ निर्देश दिए हैं कि जिस महीने का बिल जारी होगा, उस दौरान किसी भी हालत में बिजली नहीं काटी जाएगी. यानी अब बैलेंस खत्म होने पर तुरंत बिजली जाने की समस्या खत्म हो जाएगी. फिलहाल पुराने मीटर को स्मार्ट प्रीपेड मीटर से बदलने की प्रक्रिया को रोक दिया गया है. हालांकि, जहां स्मार्ट मीटर पहले से लगे हैं, उनसे जुड़ी समस्याओं को जल्दी सुलझाने पर जोर दिया जा रहा है.

बकाया बिल को लेकर भी राहत 

सरकार ने पुराने बकाया बिल को लेकर भी बड़ा फैसला लिया है. 30 अप्रैल तक का जो भी बकाया है, उसे अब 10 किस्तों में जमा किया जा सकता है. इससे उन लोगों को राहत मिलेगी जिन पर ज्यादा बकाया है और वे एक साथ भुगतान नहीं कर सकते.

सरकार का यह फैसला सीधे तौर पर आम लोगों को राहत देने वाला है. अब न तो अचानक बिजली कटेगी और न ही तुरंत भुगतान का दबाव रहेगा.

यह भी पढ़ें- Lok Adalat: नोएडा में 9 मई को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, जानें कहां जाना होगा और किन-किन मामलों का होगा निपटारा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com