विज्ञापन

रेलवे ने इस रेल मार्ग में 17 जुलाई तक कैंसिल किए 30 ट्रेन, यात्रा से पहले जरूर चेक कर लें

मध्य रेलवे ने एक विज्ञप्ति में कहा कि उसने 30 ट्रेन सेवाएं रद्द की हैं, जिनमें 14 दैनिक ट्रेन, निर्धारित तिथियों पर चलने वाली आठ ट्रेन सेवाएं और आठ विशेष ट्रेन शामिल हैं.

रेलवे ने इस रेल मार्ग में 17 जुलाई तक कैंसिल किए 30 ट्रेन, यात्रा से पहले जरूर चेक कर लें
मध्य रेलवे ने 30 ट्रेन कैंसिल किए हैं

बारिश की वजह से रेल यात्रा काफी प्रभावित हो रही है. हाल ही में मुंबई की ओर जाने वाले अलग-अलग रेल मार्गों में कुछ ट्रेन को रद्द तो कुछ ट्रेन के समय में बदलाव किया गया था. वहीं भोर घाट खंड में हुए भूस्खलन के बाद मध्य रेलवे ने लंबी दूरी और इंटरसिटी ट्रेन समेत 30 गाड़ियों को कैंसिल कर दिया है. ट्रेन कैंसिल करने का फैसला 17 जुलाई तक लिया गया है. ऐसे में मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर रेल ट्रैफिक 17 जुलाई तक प्रभावित रहेगा. इस बात की जानकारी रेलवे ने शुक्रवार (11 जुलाई) को दी है. 

मध्य रेलवे ने एक विज्ञप्ति में कहा कि उसने 30 ट्रेन सेवाएं रद्द की हैं, जिनमें 14 दैनिक ट्रेन, निर्धारित तिथियों पर चलने वाली आठ ट्रेन सेवाएं और आठ विशेष ट्रेन शामिल हैं.

रेल यात्रा बहाल करने का काम जारी

अधिकारियों ने बताया कि छह जुलाई को हुई मूसलाधार बारिश के कारण कर्जत और लोनावला स्टेशन के बीच कई स्थानों पर लैंड स्लाइड हुआ, जिससे तीनों रेलवे लाइन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. अधिकांश भूस्खलन घाट खंड में ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल केबिन के पास हुए. अधिकारियों ने बताया, यातायात बहाली का काम युद्धस्तर चल रहा है, लेकिन दुर्गम भूभाग और खतरनाक परिस्थितियों के कारण सामान्य रेल सेवाएं पूरी तरह बहाल होने में देरी हो रही है. अधिकारियों के अनुसार, कुछ स्थानों तक निर्माण सामग्री पहुंचाना अब भी चुनौती बना हुआ है और रेलवे की टीमें जिला प्रशासन तथा वन विभाग के साथ समन्वय करके जल्द से जल्द लाइन बहाल करने में जुटी हैं. उन्होंने बताया कि तीन में से एक रेलवे लाइन बहाल कर दी गई है, जबकि शेष दो लाइन पर काम जारी है.

कौन-कौन सी ट्रेन हुई है कैंसिल

रेलवे ने 10 जुलाई से 17 जुलाई तक डेक्कन क्वीन, डेक्कन एक्सप्रेस, मुंबई-पुणे इंटरसिटी एक्सप्रेस, सीएसएमटी-हैदराबाद एक्सप्रेस, चेन्नई एग्मोर सुपरफास्ट मेल और हुब्बल्ली-दादर एक्सप्रेस सहित दैनिक ट्रेन को अस्थायी रूप से रद्द करने की घोषणा की है. इसके अलावा, इस अवधि के दौरान निर्धारित तिथियों पर चलने वाली महालक्ष्मी एक्सप्रेस, जोधपुर-हडपसर एक्सप्रेस, दादर-सातारा एक्सप्रेस और दादर-साईनगर शिरडी एक्सप्रेस जैसी ट्रेन भी रद्द की गई हैं.  मुंबई और पुणे को गोरखपुर, गाजीपुर सिटी तथा हजरत निजामुद्दीन से जोड़ने वाली कई विशेष ट्रेन भी रद्द कर दी गई हैं.

राज्य परिवहन चलाएगी 200 अतिरिक्त बस

इस बीच, राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम शनिवार से मुंबई-पुणे मार्ग पर प्रतिदिन 200 अतिरिक्त बस फेरे संचालित करेगा, ताकि रेलगाड़ियां रद्द होने के कारण यात्रियों को हो रही असुविधा को कम किया जा सके.

मुंबई-पुणे मार्ग पर दुर्गम भोर घाट अथवा खंडाला घाट खंड में तीन रेलवे लाइन हैं- अप लाइन (मुंबई की ओर), डाउन लाइन (पुणे की ओर) और मिडिल लाइन.

यात्रियों को रेलवे हेल्पलाइन से संपर्क करने या जानकारी के लिए एनटीईएस ऐप देखने की सलाह दी गई है. विज्ञप्ति में कहा गया कि रेलवे अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से भी नियमित रूप से अद्यतन जानकारी साझा कर रहा है.

यह भी पढ़ेंः बिहार पुलिस SI परीक्षा के लिए रेलवे ने किया 12 स्पेशल ट्रेनों का ऐलान, जानें टाइम और शेड्यूल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com