Ganga Expressway: 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने यूपी को गंगा एक्सप्रेसवे की सौगात दी. इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से अब मेरठ से प्रयागराज तक का सफर पहले से कहीं ज्यादा तेज और आसान हो गया है. हालांकि, गंगा एक्सप्रेसवे सिर्फ तेज सफर के लिए ही नहीं, बल्कि सुरक्षा के लिए भी चर्चा में है. लंबे सफर पर ड्राइव करते समय ड्राइवर को नींद आ जाना एक बड़ी समस्या रही है, जिससे कई गंभीर हादसे होते हैं. इसी खतरे को कम करने के लिए गंगा एक्सप्रेसवे पर एक खास हाईटेक सेफ्टी सिस्टम लगाया गया है, जो ड्राइवर को तुरंत अलर्ट कर देता है. आइए जानते हैं क्या है ये हाईटेक सेफ्टी सिस्टम और ये कैसे काम करता है.
ड्राइवर की झपकी पर तुरंत अलर्ट
दरअसल, इस एक्सप्रेसवे पर सड़क के किनारों पर 'रंबल स्ट्रिप्स' लगाए गए हैं. अगर गाड़ी अपनी लेन से हटकर साइड की ओर जाती है, तो ये स्ट्रिप्स तेज आवाज और कंपन पैदा करते हैं. इससे ड्राइवर तुरंत जाग जाता है और गाड़ी को संभाल सकता है. यह फीचर खासतौर पर रात या लंबे सफर के दौरान बहुत उपयोगी साबित होगा.
'व्हाइट लाइन फीवर' से भी बचावलंबे एक्सप्रेसवे पर एक जैसी सड़क और लगातार दिखने वाली सफेद लाइनें कई बार ड्राइवर को सुस्त बना देती हैं. इसे 'व्हाइट लाइन फीवर' कहा जाता है. इस वजह से ध्यान कम हो जाता है और हादसे का खतरा बढ़ जाता है. गंगा एक्सप्रेसवे का यह नया सिस्टम इसी समस्या को कम करने के लिए तैयार किया गया है, ताकि ड्राइवर हमेशा सतर्क रहे.
AI कैमरों से होगी निगरानीसुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए एक्सप्रेसवे पर AI आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम भी लगाया गया है. हाई-रेजोल्यूशन कैमरे ट्रैफिक पर नजर रखेंगे और अगर कोई वाहन गलत दिशा में चलता है, अचानक रुकता है या कोई असामान्य गतिविधि होती है, तो तुरंत कंट्रोल रूम को जानकारी मिल जाएगी. इससे हादसों को जल्दी रोका जा सकेगा, साथ ही पुलिस और इमरजेंसी टीम जल्दी कार्रवाई कर सकेंगी.
इमरजेंसी के लिए एयर स्ट्रिपइस एक्सप्रेसवे की एक और खास बात है इसकी एयर स्ट्रिप. इसे खास तौर पर आपातकालीन स्थितियों के लिए तैयार किया गया है. जरूरत पड़ने पर यहां विमान उतर सकते हैं, जिससे राहत और बचाव कार्य तेजी से किए जा सकें.
यात्रियों को मिलेगा बड़ा फायदा
इन सभी सुविधाओं का सीधा फायदा आम लोगों को मिलेगा. सफर पहले से ज्यादा सुरक्षित और आरामदायक होगा. ड्राइवर की छोटी सी गलती भी अब बड़े हादसे में नहीं बदलेगी, क्योंकि सिस्टम समय रहते चेतावनी दे देगा. इस तरह गंगा एक्सप्रेसवे पर लगाया गया यह स्मार्ट सेफ्टी सिस्टम भारत में सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा और जरूरी कदम माना जा रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं