Delhi Airport Terminal 3 Pier C: दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल -3 के Pier C से मई के पहले सप्ताह से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू हो जाएंगी. ये पूरी तरह से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए समर्पित होगा. पहले इसे घरेलू उड़ानों के लिए इस्तेमाल किया जाता था. अब इस बदलाव से एयरपोर्ट की अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को संभालने की क्षमता में लगभग 50% का इजाफा होगा. साथ ही इससे हर साल करीब 1 करोड़ अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को हैंडल करने की सुविधा मिलेगी, जिससे टर्मिनल-3 की कुल क्षमता अब 30–32 मिलियन यात्री प्रति साल हो जाएगी.
यह भी पढ़ें: AI Driven Traffic Control: इस शहर में AI से कंट्रोल किया जा रहा ट्रैफिक सिग्नल, जानिए कैसे काम करता है यह सिस्टम
यात्रियों के लिए हाई-टेक और तेज सुविधाएं
अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के अनुभव को और ज्यादा सुविधाजनक बनाने के लिए टर्मिनल पर तकनीक और बुनियादी ढांचे को अपग्रेड किया गया है. अब यहां 12 नए सेल्फ-बैगेज ड्रॉप काउंटर लगाए गए हैं जिससे इनकी कुल संख्या 26 हो गई हैं. इनकी मदद से चेक-इन में कम समय लगेगा. साथ ही सुरक्षा और इमिग्रेशन को तेज करने के लिए 20 नए इमिग्रेशन काउंटर, 5 ATRS लेन और नई आधुनिक X-BIS मशीनें लगाई गई हैं. इसके अलावा, Arrival में 40 अतिरिक्त BOI काउंटर और आसान आवाजाही के लिए 3 नए एस्केलेटर और 4 लिफ्ट भी तैयार की गई हैं.

Photo Credit: File Photo
विमान संचालन के लिए भी कई सुविधाएं
एयरपोर्ट के ऑपरेशनल साइड में भी बड़े बदलाव किए गए हैं. Pier C में अब 16 नए इंटरनेशनल बोर्डिंग गेट उपलब्ध होंगे. विमानों की पार्किंग के लिए 16 Code-C स्टैंड तैयार किए गए हैं, जिससे फ्लाइट्स का टर्नअराउंड समय कम होगा. खासतौर से बड़े विमानों जैसे Airbus A350 के लिए स्टैंड कैपेसिटी में करीब 40% की बढ़ोतरी हुई है. इन सभी बदलाव की मदद से पीक समय में भी यात्रियों को संभालने की क्षमता 50% तक बढ़ जाएगी.
लक्जरी लाउंज, स्पा जैसी सुविधाएं
यात्रा के अनुभव को आरामदायक बनाने के लिए नए लक्जरी लाउंज, स्पा और मोबाइल चार्जिंग पॉइंट जोड़े गए हैं. साथ ही, मशहूर लक्जरी ब्रांड्स और अंतरराष्ट्रीय फूड चेन भी यहां शुरू होने वाली हैं. यह पूरा विस्तार अगले 8–10 सालों तक बढ़ने वाले अंतरराष्ट्रीय ट्रैफिक को ध्यान में रखकर किया गया है. Pier C का यह कायाकल्प दिल्ली एयरपोर्ट को वैश्विक एविएशन हब बनाने की दिशा में मजबूती मिलेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं