Census 2027: आज यानी 1 अप्रैल 2026 से भारत में जनगणना का पहला चरण शुरू हो रहा है. यह चरण 30 सितंबर तक चलेगा और इसमें खासतौर पर मकानों और परिवारों से संबंधित जानकारी जुटाई जाएगी. जनगणना के पहले चरण में कुल 33 सवाल पूछे जाएंगे. इन सभी सवालों की सही जानकारी देना जरूरी है. अगर कोई व्यक्ति गलत जानकारी देता है या सहयोग नहीं करता, तो उस पर जुर्माना लगाया जा सकता है. Census Act 1948 के तहत 1,000 रुपये तक का जुर्माना लग सकता है. इसलिए हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह सही और पूरी जानकारी दे.
यह भी पढ़ें- 1 अप्रैल 2026 से बदलेंगे 10 बड़े नियम: टैक्स, सैलरी, PAN कार्ड, रेलवे और बैंकिंग पर सीधा असर
क्या है इस बार खास?
इस बार की जनगणना में एक नई सुविधा जोड़ी गई है, जिसे स्व-गणना (Self-Enumeration) कहा जाता है. इसका मतलब है कि अब लोग खुद भी अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकते हैं. इसके लिए परिवार का मुखिया या कोई भी सदस्य आधिकारिक पोर्टल पर जाकर मोबाइल नंबर और जरूरी जानकारी के साथ रजिस्ट्रेशन कर सकता है. इसके बाद वह अपने घर का स्थान मैप पर चुनकर आसानी से जानकारी जमा कर सकता है. यह सुविधा 16 भाषाओं में उपलब्ध होगी, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग इसका उपयोग कर सकें.
स्व-गणना करने पर एक 16 अंकों की आईडी बनाई जाएगी. जब सरकारी गणनाकर्ता घर पर सत्यापन के लिए आएंगे, तो यह आईडी उन्हें दिखाना जरूरी होगा. जनगणना में दी गई व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहेगी और इसका उपयोग किसी भी कानूनी या सरकारी लाभ के लिए नहीं किया जाएगा.
जनगणना में पूछे जाएंगे ये 33 सवाल: Census 33 Questions List
मकान से जुड़े सवाल
1. भवन नंबर
2. जनगणना मकान नंबर
3. फर्श किस चीज का बना है
4. दीवार किस चीज की बनी है
5. छत किस चीज की बनी है
6. मकान का उपयोग (रहने, दुकान आदि)
7. मकान की हालत कैसी है
8. घर का नंबर (परिवार के लिए)
9. कुल कितने लोग रहते हैं
10. परिवार के मुखिया का नाम
11. मुखिया का लिंग (पुरुष / महिला / थर्ड जेंडर)
12. मुखिया किस वर्ग से है (SC/ST/अन्य)
13. मकान अपना है या किराए का
14. परिवार के पास रहने के लिए कमरों की संख्या
15. कितने शादीशुदा जोड़े हैं
16. पीने का पानी कहां से आता है
17. पानी की सुविधा घर में है या बाहर
18. बिजली/रोशनी का मुख्य साधन
19. शौचालय है या नहीं
20. शौचालय का प्रकार
21. गंदे पानी की निकासी कैसे होती है
22. नहाने की जगह है या नहीं
23. रसोई है या नहीं, LPG/PNG है या नहीं
24. खाना पकाने का मुख्य ईंधन
25. रेडियो/ट्रांजिस्टर है या नहीं
26. टीवी है या नहीं
27. इंटरनेट सुविधा है या नहीं
28. लैपटॉप/कंप्यूटर है या नहीं
29. मोबाइल/फोन है या नहीं
30. साइकिल/स्कूटर/बाइक है या नहीं
31. कार/जीप/वैन है या नहीं
32. परिवार कौन सा अनाज ज्यादा खाता है
33. मोबाइल नंबर (सिर्फ जनगणना के लिए)
यह प्रक्रिया अलग-अलग राज्यों में अलग समय पर शुरू होगी. कुछ राज्यों में अप्रैल से शुरुआत हो रही है, जबकि बाकी राज्यों में यह मई या जून के बाद शुरू होगी. ध्यान रखें जनगणना सिर्फ एक सरकारी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह देश की योजना और विकास के लिए बहुत जरूरी कदम है. इससे सरकार को यह समझने में मदद मिलती है कि लोगों को किन सुविधाओं की जरूरत है और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है. ऐसे में सही जानकारी देना बहुत जरूरी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं