विज्ञापन

Paytm का नया Pocket Money फीचर: अब बिना बैंक अकाउंट के टीनएजर्स कर सकेंगे UPI पेमेंट

Pocket Money एक ऐसी सुविधा है जिसमें माता-पिता या गार्जियन अपने बैंक अकाउंट को लिंक करके किसी टीएनजर को सीमित UPI एक्सेस दे सकते हैं.

Paytm का नया Pocket Money फीचर: अब बिना बैंक अकाउंट के टीनएजर्स कर सकेंगे UPI पेमेंट
Paytm ने लॉन्च किया Pocket Money फीचर

Paytm ने अपने यूजर्स के लिए एक नया फीचर ‘Pocket Money' लॉन्च किया है, जो खासतौर पर टीनएजर्स के लिए बनाया गया है. इस फीचर की मदद से अब टीनएजर्स बिना अपने बैंक अकाउंट के भी UPI पेमेंट कर सकेंगे. यह सुविधा NPCI के UPI Circle फ्रेमवर्क पर आधारित है. इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों और टीनएजर्स को डिजिटल पेमेंट की सुविधा देना है, जबकि माता-पिता या परिवार के भरोसेमंद सदस्य उनके खर्चों को कंट्रोल और मॉनिटर कर सकेंगे.

Latest and Breaking News on NDTV

क्या है Paytm Pocket Money फीचर?

Pocket Money एक ऐसी सुविधा है जिसमें माता-पिता या गार्जियन अपने बैंक अकाउंट को लिंक करके किसी टीएनजर को सीमित UPI एक्सेस दे सकते हैं. इसका मतलब है कि बच्चा या टीनएजर अपने मोबाइल से UPI पेमेंट कर सकता है, लेकिन पूरा कंट्रोल माता-पिता के पास रहेगा. वे तय कर सकते हैं कि हर महीने कितना खर्च किया जा सकता है, और किसी भी समय उस एक्सेस को बंद भी कर सकते हैं.

यह फीचर उन परिवारों के लिए उपयोगी हो सकता है जहां बच्चे रोजाना छोटी-छोटी जरूरतों जैसे स्कूल कैंटीन, मेट्रो राइड, कैब पेमेंट, मोबाइल रिचार्ज या ऑनलाइन शॉपिंग के लिए डिजिटल भुगतान करना चाहते हैं.

बिना बैंक अकाउंट के कैसे करेगा काम?

इस फीचर के जरिए टीनएजर को अपना अलग बैंक अकाउंट रखने की जरूरत नहीं होगी. माता-पिता अपने सेविंग्स या करंट अकाउंट को Paytm ऐप से लिंक कर सकते हैं और नियंत्रित UPI एक्सेस दे सकते हैं. हालांकि, इस सिस्टम के तहत इंटरनेशनल पेमेंट और कैश निकासी की अनुमति नहीं होगी. यानी यह फीचर सिर्फ सुरक्षित डिजिटल लेनदेन के लिए बनाया गया है.

घंटों का काम मिनटों में: ChatGPT अब खुद बनाएगा और एडिट करेगा PowerPoint स्लाइड्स, ऑफिस का काम हुआ आसान

Paytm ने Pocket Money फीचर में कई सुरक्षा स्तर जोड़े हैं ताकि गलत इस्तेमाल से बचा जा सके. हर एक UPI ट्रांजैक्शन की अधिकतम सीमा 5,000 रुपये रखी गई है. वहीं पूरे UPI नेटवर्क में मासिक खर्च की सीमा 15,000 रुपये तय की गई है.

इसके अलावा, फीचर एक्टिव होने के पहले 30 मिनट में सिर्फ 500 रुपये तक पेमेंट किया जा सकता है. पहले 24 घंटों में कुल लेनदेन की सीमा 5,000 रुपये रखी गई है. इस फीचर को चालू करने के लिए डिवाइस लॉक जरूरी होगा. माता-पिता Paytm UPI PIN की मदद से कभी भी खर्च सीमा बदल सकते हैं.

Google ने भारत में शुरू किया Gmail AI Inbox, अब सेकेंड्स में तैयार होगा ईमेल ड्राफ्ट

कैसे ऑन करें Paytm Pocket Money फीचर?

इस फीचर को शुरू करने के लिए सबसे पहले Paytm ऐप को Google Play Store या Apple App Store से अपडेट करना होगा. इसके बाद ऐप खोलकर 'To Mobile / Contact' सेक्शन में जाना होगा. वहां 'Pocket Money' विकल्प चुनना होगा. फिर उस व्यक्ति का कॉन्टैक्ट चुनें या नंबर दर्ज करें जिसके लिए यह फीचर चालू करना है.

इसके बाद सामने वाले यूजर का UPI QR कोड स्कैन करें या उसका UPI ID डालें. जरूरी दस्तावेजों के जरिए वेरिफिकेशन पूरा करें. फिर मासिक खर्च सीमा तय करें या पहले से दिए गए विकल्प चुनें. अपना मुख्य बैंक अकाउंट चुनें और Paytm UPI PIN दर्ज करें. अंत में चुने गए यूजर को इनविटेशन स्वीकार करना होगा, जिसके बाद फीचर एक्टिव हो जाएगा.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com