Google Pay ने एक नया और बेहद काम का फीचर लॉन्च किया है, जिसका नाम 'Pocket Money' है. यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए बनाया गया है जिनके पास खुद का बैंक अकाउंट नहीं है, जैसे बच्चे, बुजुर्ग या घर के अन्य सदस्य. इस फीचर की मदद से अब आप अपने बैंक अकाउंट से किसी दूसरे व्यक्ति को लिमिटेड एक्सेस दे सकते हैं, ताकि वह आपके अकाउंट से ही पेमेंट कर सके.
इसका मतलब यह है कि अब आपको अलग से पैसे ट्रांसफर करने की जरूरत नहीं होगी. आप अपने अकाउंट से ही कंट्रोल रखते हुए दूसरे व्यक्ति को खर्च करने की अनुमति दे सकते हैं. इससे डिजिटल पेमेंट करना और भी आसान और सुरक्षित हो जाता है.

UPI Circle में कैसे काम करेगा?
यह फीचर UPI Circle का हिस्सा है, जिसमें एक 'Primary User' और 'Secondary User' होते हैं. Primary User वह होता है जिसका बैंक अकाउंट लिंक होता है, जबकि Secondary User वही अकाउंट इस्तेमाल करके पेमेंट कर सकता है.
Google Pay आपको एक अकाउंट में अधिकतम 5 Secondary Users जोड़ने की सुविधा देता है. इससे आप अपने परिवार या कर्मचारियों के छोटे-छोटे खर्चों को आसानी से मैनेज कर सकते हैं.
पेमेंट के दो तरीके
इस फीचर में आपको दो तरह के कंट्रोल मिलते हैं. पहला है 'Full Delegation Mode', जिसमें आप हर महीने खर्च की एक लिमिट सेट कर सकते हैं जैसे 15,000 रुपये तक. इसके बाद Secondary User इस लिमिट के अंदर खुद ही पेमेंट कर सकता है, बिना हर बार परमिशन लिए.
दूसरा है 'Partial Delegation Mode', जिसमें हर पेमेंट के लिए Primary User की मंजूरी जरूरी होती है. यानी Secondary User पेमेंट रिक्वेस्ट भेजेगा और आपको उसे अप्रूव करना होगा. इससे आपको पूरा कंट्रोल मिलता है.
ये भी पढ़ें - YouTube का नया स्मार्ट अपडेट, अब 'Auto Speed' से बिना छुए कंट्रोल होगा वीडियो, जानिए कैसे
कैसे सेट करें Pocket Money फीचर?
इस फीचर को इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले Google Pay ऐप खोलें और प्रोफाइल मेनू में जाकर UPI Circle का ऑप्शन चुनें. वहां से Pocket Money सेटअप करें और जिस व्यक्ति को जोड़ना है उसे चुनें.
जिस व्यक्ति को आप जोड़ रहे हैं, उसके फोन में भी Google Pay होना चाहिए. इसके बाद QR कोड स्कैन करके कनेक्शन सेट करें और पेमेंट मोड चुनें. अगर आप Full Delegation चुनते हैं, तो आपको लिमिट सेट करनी होगी और KYC के लिए कुछ डिटेल्स देनी होंगी. अंत में UPI PIN डालकर सेटअप पूरा करें.
ये भी पढ़ें - WhatsApp का बड़ा अपडेट! अब बिना नंबर शेयर किए कर सकेंगे Chat, जानिए नया गुप्त फीचर
पेमेंट कैसे करें?
सेटअप पूरा होने के बाद Secondary User आसानी से पेमेंट कर सकता है. वह QR कोड स्कैन करके, मोबाइल नंबर डालकर या ऑनलाइन पेमेंट के दौरान Google Pay चुनकर ट्रांजैक्शन कर सकता है.
अगर Full Delegation मोड है, तो पेमेंट तुरंत हो जाएगा. लेकिन अगर अप्रूवल मोड है, तो आपको नोटिफिकेशन मिलेगा और आपको पेमेंट को मंजूरी देनी होगी. सभी ट्रांजैक्शन दोनों यूजर्स को ऐप में दिखाई देंगे.
कुछ जरूरी लिमिट्स
इस फीचर में कुछ लिमिट भी हैं. फिलहाल आप इससे QR कोड, मोबाइल नंबर और UPI ID के जरिए पेमेंट कर सकते हैं, लेकिन बिल पेमेंट और मोबाइल रिचार्ज की सुविधा अभी नहीं दी गई है. इसके अलावा, जब आप नया Secondary User जोड़ते हैं, तो पहले 24 घंटे तक एक 'cooldown period' होता है, जिसमें लिमिट कम रहती है. बाद में नॉर्मल लिमिट लागू हो जाती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं