स्मार्टफोन बाजार में चल रहे मेमोरी और कंपोनेंट संकट का असर अब Nothing के फोन्स पर भी साफ देखने को मिल रहा है. कंपनी 1 अगस्त से अपने इस पॉपुलर स्मार्टफोन की कीमतों में बड़ा इजाफा करने जा रही है. सभी वेरिएंट्स के दाम ₹3,000 तक बढ़ाए जा रहे हैं. आइए जानते हैं कि 1 अगस्त के बाद यह फोन आपको किस कीमत पर मिलेगा.
Nothing ने अपने पार्टनर्स को 1 अगस्त 2026 से Phone 4a की नई कीमतों पर बिक्री करने के निर्देश दिए हैं. अब इस फोन का बेस वेरिएंट (8GB/128GB) ₹39,999 की जगह ₹42,999 में मिलेगा. कंपनी ने सीधे तौर पर ₹3,000 की बढ़ोतरी की है.
सभी वेरिएंट्स की नई प्राइस लिस्ट
सिर्फ बेस मॉडल ही नहीं, बल्कि फोन के अन्य वेरिएंट्स की कीमतों में भी ₹3,000 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. अब इसके 8GB/256GB मॉडल की कीमत ₹43,999 से बढ़कर ₹46,999 हो जाएगी. वहीं, इसका टॉप वेरिएंट यानी 12GB/256GB मॉडल जो पहले ₹46,999 में आता था, उसके लिए ग्राहकों को अब ₹49,999 चुकाने होंगे.
इन 3 बड़ी मोबाइल कंपनियों ने बढ़ाए दाम! 7,000 रुपये तक महंगे हो गए ये पॉपुलर फोन!
आपको बता दें कि यह फोन शुरुआती समय में काफी कम कीमत पर पेश किया गया था, लेकिन कंपोनेंट की बढ़ती लागत के कारण इसकी कीमतों में लगातार बदलाव किया जा रहा है.
आखिर क्यों बढ़ रही हैं स्मार्टफोन्स की कीमतें
RAM और मेमोरी चिप्स का बड़ा संकट चल रहा है. कंपोनेंट महंगे होने के कारण कंपनियों के लिए पुरानी कीमतों पर फोन बेचना नामुमकिन होता जा रहा है. Nothing के सह-संस्थापक एकिस इवेंजेलिस ने हाल ही में खुलासा किया था कि हाई-एंड मेमोरी की लागत इतनी बढ़ गई है कि बजट सेगमेंट में फोन लॉन्च करना बेहद मुश्किल हो गया है. इसी वजह से कंपनी ने इस साल अपने CMF ब्रांड के नए फोन का प्लान भी रद्द कर दिया है.
तो अगर आप Nothing Phone 4a खरीदना चाहते हैं, तो 1 अगस्त से पहले इसे पुरानी कीमत पर खरीद सकते हैं. 1 अगस्त के बाद नया स्टॉक नई और बढ़ी हुई कीमतों के साथ ही स्टोर्स और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर मिलेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं