Bharti Airtel अभी देश की दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी है. कंपनी कस्टमर्स के लिए नए-नए प्लान भी पेश करती रहती है. अब Airtel ने अपने प्रीपेड यूजर्स के लिए नया रिचार्ज प्लान पेश किया है. Airtel ने इस रिचार्ज की कीमत 348 रुपये रखी है. इस प्लान में रोजाना 2GB डेटा, अनलिमिटेड कॉलिंग और 100 SMS मिलते हैं. इसकी वैलिडिटी 28 दिनों की है. दिलचस्प बात ये है कि कंपनी के पास 349 रुपये का एक दूसरा प्लान भी है. इसमें रोजाना 1.5GB डेटा के साथ अनलिमिटेड 5G डेटा का लाभ मिलता है. दोनों प्लान की कीमत में सिर्फ एक रुपये का अंतर है, लेकिन इनके डेटा बेनिफिट्स और इस्तेमाल का तरीका अलग है.
Airtel का 348 रुपये वाला प्रीपेड प्लान
Airtel के 348 रुपये वाले नए प्रीपेड प्लान में यूजर्स को 28 दिनों की सर्विस वैलिडिटी मिलती है. इसमें किसी भी नेटवर्क पर अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग, रोजाना 2GB डेटा और हर दिन 100 SMS दिए जाते हैं. इस प्लान के साथ 12 महीने के लिए Adobe Express Premium का सब्सक्रिप्शन भी मिलता है. इसकी बताई गई कीमत करीब 4,000 रुपये है. इसके अलावा Airtel Safe का फायदा मिलता है, जिसका मकसद यूजर्स को सुरक्षित नेटवर्क एक्सपीरियंस देना है.
इस प्लान में 30 दिनों के लिए फ्री HelloTunes का फायदा भी शामिल है. इस तरह यह प्लान उन लोगों के लिए काम का हो सकता है, जिन्हें कम समय में ज्यादा डेली डेटा चाहिए और जिनके लिए अनलिमिटेड 5G जरूरी नहीं है. इस प्लान की कीमत के हिसाब से रोजाना खर्च करीब 12.43 रुपये बैठता है.
Airtel का 349 रुपये वाला प्लान
Airtel के 349 रुपये वाले प्रीपेड प्लान में भी अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और रोजाना 100 SMS मिलते हैं. हालांकि, इसमें डेली डेटा की लिमिट 1.5GB है. इस प्लान की खासियत अनलिमिटेड 5G डेटा है. दी गई जानकारी के मुताबिक, इसमें 30 दिनों के लिए 300GB तक 5G डेटा का लाभ मिलता है. इसके अलावा यूजर्स को छह महीने तक Apple Music का फ्री एक्सेस और 12 महीने के लिए Adobe Express Premium सब्सक्रिप्शन मिलता है. इस प्लान की कीमत के हिसाब से रोजाना खर्च करीब 12.46 रुपये है. हालांकि, 5G डेटा का लाभ लेने के लिए यूजर के पास कम्पैटिबल 5G स्मार्टफोन और Airtel 5G नेटवर्क की उपलब्धता होना जरूरी है.
किस प्लान में ज्यादा फायदा?
दोनों प्लान की कीमत में सिर्फ एक रुपये का अंतर है, लेकिन इनका फोकस अलग है. 348 रुपये वाले प्लान में रोजाना 2GB डेटा मिलता है, जबकि 349 रुपये वाले प्लान में रोजाना 1.5GB डेटा के साथ 5G का अतिरिक्त लाभ दिया जाता है. 348 रुपये का प्लान उन यूजर्स के लिए बेहतर ऑप्शन हो सकता है, जो डेली ज्यादा डेटा इस्तेमाल करते हैं या जिनके इलाके में 5G नेटवर्क उपलब्ध नहीं है. दूसरी ओर, 349 रुपये का प्लान उन यूजर्स को पसंद आ सकता है, जो 5G स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हैं और Airtel के 5G नेटवर्क की पहुंच में रहते हैं.
सब्सक्रिप्शन के मामले में भी अंतर है. 348 रुपये वाले प्लान में 30 दिनों के लिए HelloTunes मिलता है, जबकि 349 रुपये वाले प्लान में छह महीने तक Apple Music का फायदा दिया जाता है. दोनों प्लान में 12 महीने का Adobe Express Premium सब्सक्रिप्शन शामिल है.
यह भी पढ़ें | कैंसर का इलाज ढूंढ लेगा AI, इसी भरोसे पर सिगरेट फूंकने लगे वैज्ञानिक, Palantir के CTO का सनसनीखेज खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं