विज्ञापन
This Article is From Aug 27, 2017

वर्ल्‍ड बैडमिंटन चैंपियनशिप : इतिहास रचने से चूकीं पीवी सिंधु, फाइनल में जापान की नोज़ोमि ओकुहारा से हारीं

पीवी सिंधु इस बार अपने मेडल का रंग बदलना चाहती थी. गोल्ड मेडल पर कब्ज़ा करने के इरादे में वह नाकाम हो गईं. सिंधु फ़ाइनल में जापान की नोज़ोमि ओकुहारा से 19-21, 22-20, 20-22 से हार गईं और रजत पदक जीत पाईं.

वर्ल्‍ड बैडमिंटन चैंपियनशिप : इतिहास रचने से चूकीं पीवी सिंधु, फाइनल में जापान की नोज़ोमि ओकुहारा से हारीं
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु. (फाइल फोटो)
ग्लास्गो: पीवी सिंधु इस बार वर्ल्‍ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में इस बार अपने मेडल का रंग बदलनकर सुनहरा करना चाहती थी लेकिन गोल्ड मेडल पर कब्ज़ा करने के अभियान में रविवार को वह नाकाम हो गईं. सिंधु चैंपियनशिप के फ़ाइनल में जापान की नोज़ोमि ओकुहारा से 19-21, 22-20, 20-22 से हार गईं और उन्‍हें रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा. पहले गेम की शुरुआत में सिंधु ने अपने कद का फायदा उठाते हुए जापानी खिलाड़ी को छकाना शुरू कर दिया. सिंधु ने जल्द ही स्कोर 10-5 कर दिया. लेकिन इसके बाद ओकुहारा ने वापसी की और बढ़त हासिल कर ली. जापानी खिलाड़ी की फुर्ती का नतीजा था कि पहला गेम 21-19 से ओकुहारा के नाम रहा.

यह भी पढ़ें : वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप: साइना vs सिंधु फ़ाइनल का सपना टूटा, साइना को कांस्य से करना पड़ा संतोष

दूसरे सेट में की बेहतरीन शुरुआत
दूसरे गेम में सिंधु ने बेहतरीन शुरुआत की और स्कोर 5-1 हो गया. लेकिन उसके बाद सिंधु को बढ़त बनाए रखने के लिए खूब मेहनत करनी पड़ी. सिंधु की रैली लाजवाब थी और इसके चलते उन्होंने दूसरा गेम 22-20 से अपने नाम किया. तीसरे और आखिरी सेट में जापानी खिलाड़ी ने बढ़त बना ली, लेकिन सिंधु ने स्कोर को पहले 6-6 से बराबर किया और फिर 11-9 से बढ़त बना ली. इसके बाद हर प्वाइंट के लिए ज़बरदस्त टक्कर देखने को मिली. आखिर में जापानी खिलाड़ी के क्रॉस शॉट्स ने सिंधु को कई बार चकमा दिया और ओकुहारा ने सिंधु को हराकर रियो ओलिंपिक में मिली सिंधु के हाथों हार का बदला भी ले लिया. पूरा मैच 110 मिनट तक चला.

यह भी पढ़ें : फाइनल में पहुंचे लिन डैन, खिताब के लिए विक्टर एक्सेलसन से होगी भिड़ंत

VIDEO: सिंधु, साक्षी और दीपा को बीएमडब्लू तोहफे में दी गई

सिंधु के नाम तीन पदक

सिंधु के नाम वर्ल्ड चैंपियनशिप में दो कांस्य और एक रजत पदक हो गया है, लेकिन ओलिंपिक में रजत पदक जीतने वाले एकलौती भारतीय महिला खिलाड़ी सिंधु ने जिस ज़ज्बे के साथ फ़ाइनल खेला वह याद रहेगा. वर्ल्ड चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली सिंधु साइना के बाद दूसरी भारतीय खिलाड़ी हैं. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com