विज्ञापन
This Article is From Mar 27, 2015

सुपर डैन हारते रहे पर दिल्ली के फ़ैन लिन डैन-लिन डैन चिल्लाते रहे

नई दिल्‍ली : इंडोनेशिया के बैडमिंटन खिलाड़ी टॉमी सुगिआर्तो को ये तो अंदाज़ा था कि लिन डैन के ख़िलाफ़ वो इंडोनेशिया के अलावा कहीं भी खेलेंगे, दर्शक सुपर डैन के लिए ही शोर मचाएंगे। इंडोनेशियाई बैडमिंटन खिलाड़ी टॉमी ने चार बार हुई मुलाक़ातों में पहली बार लिन डैन को दिल्ली में हराया वो भी 21-17, 15-21, 21-17 के स्कोर से।

लेकिन इन दोनों के बीच हुए मैच में में दिल्ली के जानकार बैडमिंटन फ़ैन्स सुपर डैन के जीत की ही उम्मीद लगाए रहे। लेकिन टॉमी ने सुपर डैन का सफ़र इंडिया ओपन सुपर सीरीज़ के क्वार्टर फ़ाइनल में ख़त्म कर दिया।

दो बार ओलिंपिक और पांच बार वर्ल्ड चैंपियनशिप का ख़िताब जीतने वाले लिन डैन के खेल में उनकी महारथ तो दिख रही थी. लेकिन जितने आराम से लिन डैन खेलते रहे लगा कि इस टूर्नामेंट की जीत को लेकर उन्हें बहुत परवाह नहीं है। 31 साल के लिन डैन अपने 26 साल के प्रतिद्वन्द्वी पर कई बार सिर्फ़ अपने हुनर से भारी पड़ते दिखे।

लेकिन दो महीने पहले ही अपने पिता को कोच बनाकर खेल रहे टॉमी सुगिआर्तो ने दिल्ली के सिरी फ़ोर्ट में फ़ैन्स के अपने ख़िलाफ़ होते हुए भी हर प्वाइंट के लिए अपना फ़ोकस बनाए रखा और आख़िरकार बड़ी जीत हासिल कर ली। टॉमी सुगिआर्तो कहते हैं कि पूर्व वर्ल्ड चैंपियन इचुक सुगिआर्तो ने उनके खेल में थोड़ा बदलाव किया है। वो कहते हैं कि उनके पिता और कोच इचुक सुगिआर्तो ने ख़ासकर खेल के शारीरिक पहलूओं पर अभी ज़्यादा ध्यान दिया है। उन्हें लगता है कि उनके साथ उनके पिता की जोड़ी उनकी कामयाबी को नए मुकाम हासिल कर सकती है।

टॉमी सुगिआर्तो मानते हैं कि दिल्ली के फ़ैन्स लिन डैन और उनके खेल को अच्छी तरह जानते हैं। लेकिन उन्हें इसे लेकर बहुत शिकायत नहीं है। इंडोनेशियाई स्टार टॉमी भारतीय बैडमिंटन की प्रगति से बेहद प्रभावित हैं। साइना नेहवाल के अलावा पुरुष सिंगल्स खिलाड़ियों ख़ासकर एचएस प्रणॉय, गुरुसाइदत्त, के श्रीकांत जैसे खिलाड़ियों का ज़िक्र वो सम्मान के साथ करते हैं।

उन्हें लगता है कि भारतीय बैडमिंटन आने वाले दिनों में कुछ और ऊंचाइयों को छुएगा। सायना के नंबर वन बनने को लेकर पूछे जाने पर वो कहते हैं कि साइना बहुत अच्छी खिलाड़ी हैं और उनके फ़ॉर्म के बदौलत देर-सबेर ये होना ही है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
बैडमिंटन खिलाड़ी, टॉमी सुगिआर्तो, लिन डैन, इंडिया ओपन सुपर सीरीज़, Tommy Sugiarto, Lin Dan, India Open Super Series
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com