विज्ञापन
This Article is From Jun 04, 2013

फ्रेंच ओपन में फेडरर का अभियान थमा, सेरेना सेमीफाइनल में

फ्रेंच ओपन में फेडरर का अभियान थमा, सेरेना सेमीफाइनल में
दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी सेरेना विलियम्स ने दूसरा सेट गंवाने के बाद वापसी करते हुए गैरवरीय रूस की स्वेतलाना कुज्नेत्सोवा को हराकर फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल के सेमीफाइनल में जगह बनाई।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
पेरिस: जो विल्फ्रेड सोंगा ने उल्टफेर करते हुए रोजर फेडरर को हराकर फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। उन्होंने इसके साथ ही रोलां गैरो पर मेजबान देश का पुरुष चैम्पियन देखने के फ्रांस के 30 साल के इंतजार को खत्म करने की ओर कदम बढ़ाए।

छठे वरीय सोंगा ने स्विट्जरलैंड के दूसरे वरीय फेडरर को 7-5, 6-3, 6-3 से हराकर पहली बार फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वह 2008 में गेल मोनफिल्स के बाद अंतिम चार में जगह बनाने वाले पहले घरेलू खिलाड़ी हैं।

सत्रह बार के ग्रैंडस्लैम चैम्पियन फेडरर रोलां गैरो पर रिकार्ड 58वां मैच जीतने और 34वीं बार ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए चुनौती पेश कर रहे थे लेकिन उनके हाथ निराशा लगी।

सोंगा रविवार को होने वाले फाइनल में जगह बनाने के लिए चौथे वरीय स्पेन के डेविड फेरर से भिड़ेंगे। फेरर ने एक अन्य क्वार्टर फाइनल में अपने हमवतन 32वें वरीय टामी रोब्रेडो को एकतरफा मुकाबले में सिर्फ एक घंटे और 35 मिनट में 6-2, 6-1, 6-1 से हराया।

इससे पहले, दुनिया की नंबर एक महिला खिलाड़ी सेरेना विलियम्स ने दूसरा सेट गंवाने के बाद वापसी करते हुए गैरवरीय रूस की स्वेतलाना कुज्नेत्सोवा को हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।

अपना एकमात्र फ्रेंच ओपन खिताब 2002 में जीतने वाली 15 बार की ग्रैंडस्लैम चैम्पियन सेरेना ने 2009 की चैम्पियन कुज्नेत्सेवा को 6-1, 4-6, 6-3 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।

सेमीफाइनल में सेरेना का सामना गत उप विजेता इटली की पांचवीं वरीय सारा एरानी से होगा जिन्होंने एक अन्य क्वार्टर फाइनल में पोलैंड की चौथी वरीय एग्निएज्का रदवांस्का को सीधे सेटों में 6-4, 7-6 से हराया।

सेरेना ने कुज्नेत्सोवा के खिलाफ तेज शुरुआत की और पहला सेट आसानी से अपने नाम कर लिया लेकिन इसके बाद उन्हें अपनी सर्विस से जूझना पड़ा। उन्होंने दूसरे सेट के दौरान टूर्नामेंट में पहली बार अपनी सर्विस गंवाई। सेरेना ने इस सेट में तीन बार अपनी सर्विस गंवाते हुए रूसी खिलाड़ी को दूसरा सेट जीतकर 1-1 से बराबरी हासिल करने का मौका दिया।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Serena Williams, सेरेना विलियम्स, French Open, फ्रेंच ओपन, सेमीफाइनल, Semifinal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com