विज्ञापन
This Article is From Jun 18, 2012

लंदन ओलिंपिक में जलवे बिखेरेगी 'सुपर' सायना...!

लंदन ओलिंपिक में जलवे बिखेरेगी 'सुपर' सायना...!
लंदन में चीनी खिलाड़ी उनकी राह में हर कदम पर रोड़ा डालेंगी, लेकिन सायना को जानने वाले यह भी जानते हैं कि इससे सायना के कदम डगमगाएंगे नहीं, और मज़बूत होंगे...
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली: बैडमिंटन जैसे खेल में एक कुछ साल पहले तक भारत के पास कोई भी नाम ऐसा नहीं था, जो ओलिम्पिक में मेडल का दावा ठोक सके, लेकिन 'सुपर सायना' ने इस सूखे को खत्म कर पहली बार इस खेल में देश के लिए पदक की उम्मीद जगाई है...

सायना नेहवाल सही वक्त पर अपनी बेहतरीन फॉर्म में आई हैं... ओलिम्पिक में करीब एक महीने का वक्त बचा है और सायना की तैयारियां पूरे उफान पर हैं... उसने एक हफ्ते के अंदर ही दो बड़े ख़िताब अपने नाम कर दिखा दिया है कि इस बार वह चूकने वाली नहीं...

फॉर्म, फिटनेस और आंकड़े, हर लिहाज़ से सायना का दावा मज़बूत नज़र आ रहा है... वर्ष 2011 में खराब फॉर्म से जूझ रही सायना ने इस साल जोरदार वापसी करते हुए अभी तक तीन बड़े टूर्नामेंट अपने नाम कर लिए हैं... 'सुपर सायना' ने साल की शुरुआत में स्विस ओपन जीता, इस महीने की शुरुआत में थाइलैण्ड ओपन का खिताब, और अब इंडोनेशिया ओपन पर फिर क़ब्ज़ा करके अपनी शानदार फॉर्म का सबूत दे दिया है...

इंडोनेशिया ओपन तीसरी बार जीतने के बाद सायना के कोच और पूर्व खिलाड़ी पुलेला गोपीचंद ने भी माना कि ओलिम्पिक से पहले यह जीत उसका हौसला बढ़ाएगी... सायना खुद जीतने का बाद बेहद उत्साहित हो गईं और कहा कि यह काफी कड़ा मुक़ाबला था, मुझे यहां के दर्शक पसंद हैं, यहां आकर खेलना अच्छा लगता है, मैं जब भी कोर्ट पर उतरती हूं, चैम्पियन जैसा महसूस करती हूं...

हालांकि सायना जीत की खुशी में अपना लक्ष्य नहीं भूली हैं, और अब वह ओलिम्पिक के लिए पांच हफ्ते की कड़ी ट्रेनिंग करेंगी... कुल मिलाकर सायना के पास यह सुनहरा मौका है, अपनी इस फॉर्म का फायदा उठाकर देश के लिए ओलिम्पिक में मेडल लाने का... सायना ने वर्ष 2008 के बीजिंग ओलिम्पिक में भी हिस्सा लिया था, लेकिन उस वक्त वह क्वार्टर फाइनल में हार गई थीं...

सो, इस साल लंदन ओलिम्पिक में अगर वह जीत जाती हैं तो वह बैडमिंटन में भारत के लिए यह पहला ओलिम्पिक मेडल होगा, और कुल मिलाकर सायना भारत की ओर से ओलिम्पिक में मेडल जीतने वाली दूसरी महिला बनेंगी...

वैसे विश्व में पांचवीं वरीयता प्राप्त सायना ने सही वक्त पर रफ़्तार पकड़ी है, लेकिन लंदन ओलिम्पिक में उनके सामने चुनौती आसान नहीं होगी... 'ग्रेट वॉल ऑफ चाइना' के नाम से मशहूर चीनी खिलाड़ी उनकी राह में हर कदम पर रोड़ा डालेंगी, लेकिन सायना को जानने वाले यह भी बहुत अच्छी तरह जानते हैं कि इससे सायना के कदम डगमगाएंगे नहीं, और मज़बूत होंगे...

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
सायना नेहवाल, Saina Nehwal, London Olympics, लंदन ओलिंपिक, बैडमिंटन, Badminton
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com