विज्ञापन
This Article is From Jul 27, 2016

रोजर फेडरर का फैन्स के नाम 'भावुक' खत, ओलिंपिक से वापस लिया नाम, अब 2016 में नहीं खेल पाएंगे

रोजर फेडरर का फैन्स के नाम 'भावुक' खत, ओलिंपिक से वापस लिया नाम, अब 2016 में नहीं खेल पाएंगे
फेडरर विंबलडन 2016 के सेमीफाइनल में गिर गए थे (फोटो : AFP)
  • लंदन ओलिंपिक, 2012 में रोजर फेडरर ने सिल्वर मेडल जीता था
  • बीजिंग ओलिंपिक, 2008 में डबल्स में उन्होंने गोल्ड जीता था
  • फेडरर 17 बार एकल पुरुष ग्रैंडस्लैम विजेता रहे हैं
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
टेनिस स्टार रोजर फेडरर अब रियो ओलिंपिक में खेलते हुए नहीं दिखेंगे। इसकी घोषणा उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया पर भावुक संदेश के जरिये की। फेडरर ने फैन्स को संबोधित करते हुए खेद जताया और कहा कि अब वह ओलिंपिक में स्विट्जरलैंड का प्रतिनिधित्व नहीं कर पाएंगे। इसके साथ ही 17 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता फेडरर 2016 के बचे हुए सीजन में भी नहीं खेल सकेंगे।

पढ़िए 35 साल के फेडरर ने फेसबुक पर क्या लिखा-

डियर फैन्स,
  • मुझे यह घोषणा करते हुए अत्यंत दुख हो रहा है कि मैं रियो में होने वाले ओलिंपिक खेलों में स्विट्जरलैंड का प्रतिनिधित्व नहीं कर पाऊंगा। इसके साथ ही मैं बाकी सीजन में भी नहं खेल सकूंगा।
  • मैंने 2016 सीजन से बाहर होने का बहुत ही कठिन फैसला लिया है, क्योंकि मुझे घुटने की चोट के संबंध में गहन स्वास्थ्य लाभ की जरूरत है, मैंने इस साल की शुरुआत में ही घुटने की सर्जरी कराई थी।
  • डॉक्टरों का कहना है कि यदि मुझे अगले कुछ वर्षों तक चोट की चिंता से मुक्त होकर एटीपी वर्ल्ड टूर में खेलना है, जो कि मेरी इच्छा है, तो मुझे अपने घुटने और शरीर को रिकवर करने के लिए पर्याप्त समय देना होगा।
  • टेनिस, प्रतियोगिता, टूर्नामेंट और निश्चित रूप से आप सबके (फैन्स) प्रति मुझमें जो प्यार है, वह हमेशा बना रहता है। मैं हमेशा की तरह ही उत्साहित हूं और मजबूत वापसी के लिए अपनी पूरी कोशिश कर रहा हूं, जिससे मैं 2017 में आक्रामक टेनिस खेल सकूं।
  • आप सबके सतत समर्थन के लिए धन्यवाद!

रोजर फेडरर ने फरवरी में घुटने की सर्जरी कराई थी। वह पीठ में तकलीफ के कारण मई में फ्रेंच ओपन में भी नहीं खेल पाए थे। अब वह अपना सारा ध्यान चोट से रिकवरी पर लगाना चाहते हैं।

गौरतलब है कि टेनिस में की रिकॉर्ड बना चुके फेडरर के खाते में ओलिंपिक में सिंगल्स गोल्ड मेडल की ही कमी है। वह 2012 के लंदन ओलिंपिक में एंडी मरे से हार गए थे और रनरअप रहे थे। बीजिंग ओलिंपिक, 2008 में डबल्स में उन्होंने स्टेन वावरिंका के साथ गोल्ड जीता था।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
रोजर फेडरर, रियो ओलिंपिक 2016, ओलिंपिक 2016, ओलिंपिक, टेनिस, रोजर फेडरर ओलिंपिक से बाहर, Roger Federer, Rio Olympics, Rio 2016, Olympics, Tennis
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com