विज्ञापन
This Article is From Aug 27, 2017

टेनिस : यूएस ओपन कल से, पुरुष वर्ग में राफेल नडाल और रोजर फेडरर मजबूत दावेदार

साल का अंतिम ग्रैंडस्‍लैम यूएस ओपन सोमवार से यहां प्रारंभ हो रहा है. कई दिग्गज खिलाड़ियों की अनुपस्थिति के चलते यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट में खिताब की दावेदारी के लिये जंग रोचक बन गई है.

टेनिस : यूएस ओपन कल से, पुरुष वर्ग में राफेल नडाल और रोजर फेडरर मजबूत दावेदार
राफेल नडाल और रोजर फेडरर को इस बार पुरुष वर्ग में खिताब का मजबूत दावेदार माना जा रहा है (फाइल फोटो)
  • मरे, जोकोविक जैसे दिग्‍गज टूर्नामेंट में भाग नहीं ले रहे हैं
  • सेमीफाइनल में नडाल का फेडरर से हो सकता है सामना
  • महिलाओं में आठ खिलाड़ि‍यों के पास नंबर वन बनने का मौका
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
न्यूयॉर्क: साल का अंतिम ग्रैंडस्‍लैम यूएस ओपन सोमवार से यहां प्रारंभ हो रहा है. कई दिग्गज खिलाड़ियों की अनुपस्थिति के चलते यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट में खिताब की दावेदारी के लिये जंग रोचक बन गई है. पुरुष वर्ग में जहां राफेल नडाल और रोजर फेडरर खिताब के प्रबल दावेदार के तौर पर कोर्ट पर उतरेंगे वहीं महिला वर्ग में आठ खिलाड़ियों की निगाह खिताब के साथ साथ नंबर एक रैंकिंग पर भी टिकी रहेगी. नडाल और फेडरर की प्रतिद्वंद्विता मशहूर है लेकिन ये दोनों दिग्गज टेनिस कभी यूएस ओपन में आमने-सामने नहीं हुए. इस बार हालांकि ये दोनों सेमीफाइनल में एक-दूसरे से भिड़ सकते हैं. विश्व के नंबर दो और 2012 के चैंपियन एंडी मरे ने कूल्हे की चोट से उबरने में नाकाम रहने के बाद शनिवार को नाम वापस लिया जिससे फेडरर और नडाल के बीच फाइनल की संभावना खत्म हो गई. ये दोनों ही दिग्गज अभी एक हाफ में हैं और उनका मुकाबला अंतिम चार में हो सकता है.

पिछले तीन वर्षों में पहली बार नंबर एक रैंकिंग पर पहुंचे नडाल ने 2010 और 2013 में यहां खिताब जीता था और इस बार मरे, नोवाक जोकोविक और स्टैन वावरिंका की अनुपस्थिति में उनकी दावेदारी मजबूत बन गई है. पांच बार के यूएस ओपन चैंपियन फेडरर अपने 20 वें ग्रैंडस्लैम और इस साल के तीसरे बड़े खिताब के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे. इस वर्ष ऑस्ट्रेलियाई ओपन और विंबलडन जीतने वाले फेडरर अगर खिताब जीतने में सफल रहते हैं तो ओपन युग में यूएस ओपन जीतने वाले सबसे अधिक उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे.

यह भी पढ़ें : साल के अंतिम ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन में नडाल को शीर्ष वरीयता

मरे, जोकोविक और वावरिंका के अलावा केई निशिकोरी और मिलोस राओनिच के भी चोटिल होने के कारण बाहर होने से नडाल और फेडरर की सेमीफाइनल तक की राह आसान बन गयी है. नडाल को हालांकि इस टूर्नामेंट से पहले सिनसिनाटी में निक किर्गीयोस और मांट्रियल में कनाडाई किशोर डेनिस शापोवालोव से हार झेलनी पड़ी थी. फेडरर पीठ की चोट के कारण सिनसिनाटी से हट गए थे जबकि मांट्रियल में फाइनल में उन्हें अलेक्सांद्र जेवेरेव ने हरा दिया था. जेवेरेव, किर्गीयोस और डोमिनिक थीम जैसे खिलाड़ियों के पास भी यह खिताब जीतने का सुनहरा मौका है.

यह भी पढ़ें : नडाल को हराकर सेमीफाइनल में पुहंचे किर्गीयोस 

जहां तक महिला वर्ग की बात है तो वहां की स्थिति अधिक रोचक है. सेरेना विलियम्स मां बनने वाली है और विक्टोरिया अजारेंका भी अपने नवजात शिशु के साथ समय बिताना चाहती हैं जिनका अपने पति के साथ बच्चे की देखरेख को लेकर मुकदमा चल रहा है. ऐसे में आठ खिलाड़ियों के पास दुनिया की नंबर एक रैंकिंग हासिल करने का मौका रहेगा. विश्व की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी मारिया शारापोवा हालांकि 15 महीने के डोपिंग प्रतिबंध के बाद पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में खेलेंगी. उन्हें वाइल्ड कार्ड से प्रवेश दिया गया है. उनके प्रदर्शन पर सभी की निगाह टिकी रहेगी लेकिन यह रूसी खिलाड़ी खुद को साबित करने के लिए बेताब होंगी.

वीडियो : फेडरर को ऑस्‍ट्रेलिया ओपन खिताब



अभी विश्व में नंबर एक खिलाड़ी चेक गणराज्य की कारोलिना प्लिसकोवा के लिये अपना स्थान बरकरार रखना आसान नहीं होगा क्योंकि रोमानिया की सिमोना हालेप, डेनमार्क की कारोलिना वोजनियाकी, विंबलडन चैंपियन और विश्व में नंबर तीन गार्बाइन मुगुरूजा, उक्रेन की इलिना स्वितलिना, ब्रिटेन की जोहाना कोंटा और रूस की स्वेतलाना कुजनेत्सोवा के पास भी नंबर एक बनने का मौका रहेगा. इस साल विंबलडन फाइनल में पहुंचने वाली 37 वर्षीय वीनस विलियम्स अभी नौवीं रैकिंग पर हैं लेकिन खिताब जीतने पर वह भी नंबर एक बन सकती हैं. मौजूदा चैंपियन एंजिलक करबर फिर से खिताब की दावेदार के रूप में उतरेंगी.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com