प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आइची-नागोया एशियाई खेलों में भारतीय दल के प्रदर्शन के लिए उन्हें रविवार को बधाई दी और खिलाड़ियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने दृढ़ संकल्प, जुनून और खेल भावना के साथ देश का प्रतिनिधित्व किया. भारत 85 पदकों (21 गोल्ड, 27 सिल्वर, 37 ब्रॉन्ज) के साथ मेडल टैली में चौथे स्थान पर रहा जो चीन के हांग्झोउ में हुए पिछले सीजन के मेडल की तुलना से 21 कम है.
मोदी ने ‘एक्स' पर पोस्ट में कहा, 'एशियाई खेल 2026 के समापन के साथ ही मैं भारतीय दल के हर सदस्य को बधाई देता हूं जिन्होंने दृढ़ संकल्प, जुनून और शानदार खेल भावना के साथ हमारे देश का प्रतिनिधित्व किया.' उन्होंने सभी भारतीय पदक विजेताओं को भी बधाई दी और कहा कि उनके प्रदर्शन ने ‘देश को अपार खुशी' दी है.
बड़ी उपलब्धियों के लिए प्रेरित करेंगे खेल
प्रधानमंत्री ने कहा, 'उम्मीद है कि ये खेल आने वाले वर्षों में और बड़ी उपलब्धियों के लिए प्रेरित करेंगे. साथ ही, ये जमीनी स्तर पर खेलों को मजबूत करने में भी योगदान देंगे.' दो सप्ताह से अधिक समय तक चली कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद रविवार को नागोया के मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में भव्य समापन समारोह के साथ एशियाई खेलों का समापन हुआ. इन खेलों में 350 से अधिक रिकॉर्ड बने जिनमें कम से कम 50 विश्व रिकॉर्ड शामिल हैं. एशिया के 45 देशों के खिलाड़ियों ने इन खेलों में हिस्सा लिया.
ये भी पढ़ें- जिसने जीता एशियाड गोल्ड वो बॉक्सिंग छोड़ने वाली थी, लवलीना ने NDTV से बताई अपनी कहानी, गाया जुबीन का गाना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं