पदार्पण कर रहे रांची रेज ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करके दो बार पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए प्रबल दावेदार जेपी पंजाब वॉरियर्स को शूट आउट में हराकर मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में तीसरी हॉकी इंडिया लीग का खिताब जीत लिया।
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के सह-स्वामित्व वाली रांची रेज ने शूट आउट में वॉरियर्स को 3-2 से हराया। इससे पहले निर्धारित समय का खेल खत्म होने के बाद दोनों टीमों 2-2 से बराबरी पर थी।
पंजाब वारियर्स की ओर से कीरन गोवर्स (39वें मिनट) और क्रिस्टोफर सीरिएलो (56वें मिनट) ने गोल दागे, जबकि रांची रेज की ओर से निर्धारित समय में स्टेनली मिन्ज (42वें मिनट) और बैरी मिडलटन (57वें मिनट) ने गोल किए। पिछले साल के चैंपियन दिल्ली वेवराइडर्स ने प्ले ऑफ में उत्तर प्रदेश विजार्ड्स को 2-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली, खेल मंत्री सर्वानंद सोनोवाल और भारतीय ओलिंपिक संघ के महासचिव राजीव मेहता मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद थे। खिताबी मुकाबले के दौरान दोनों टीमों ने पहले दो क्वार्टर में बिना किसी दबाव के खेल दिखाया। पंजाब वारियर्स की टीम टूर्नामेंट में अब तक के अपने प्रदर्शन के आधार पर प्रबल दावेदार के रूप में थी, लेकिन पहले 30 मिनट में रांची रेज के हमले अधिक प्रभावी रहे।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं