शफीउल के आखिरी स्पैल के कातिलाना प्रदर्शन से बांग्लादेश ने बेहद उतार-चढ़ाव वाले मैच में आयरलैंड को 27 रन से हरा दिया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
मीरपुर:
मध्यम गति के गेंदबाज शफीउल इस्लाम के आखिरी स्पैल के कातिलाना प्रदर्शन से बांग्लादेश ने विश्व कप ग्रुप बी के बेहद उतार-चढ़ाव वाले मैच में आयरलैंड को 27 रन से हराकर चार साल पुराना हिसाब भी बराबर कर दिया। शफीउल जब अपने तीसरे और आखिरी स्पैल करने के लिए आए तो आयरलैंड को विश्व कप 2007 में ब्रिजटाउन में खेले गए मैच की कहानी दोहराने के लिए 16 ओवर में 66 रन चाहिए थे। शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में सन्नाटा पसरा था लेकिन शफीउल ने अपने इस स्पैल के छह ओवर में 10 रन देकर चार विकेट लिए और पूरा मैच का नक्शा पलट दिया। बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन तमीम इकबाल के तूफानी 44 रन तथा मुशफिकर रहीम (36) और रकीबुल हसन (38) के बीच पांचवें विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी के बावजूद उसकी टीम 49.2 ओवर में 205 रन पर आउट हो गई। आयरलैंड की तरफ से ओ ब्रायन बंधुओं नियल (38) और केविन (37) ने बांग्लादेश की उम्मीदों पर पानी फेरने की पूरी कोशिश की। उन्हें दूसरे छोर से अपेक्षित मदद नहीं मिली। बांग्लादेश ने शफीउल की मदद से 45 ओवर में 178 रन पर उसका पुलिंदा बांध दिया। शफीउल ने कुल आठ ओवर में 21 रन देकर चार विकेट लिए जबकि साकिब अल असन और मोहम्मद अशरफुल को दो-दो विकेट मिले। बांग्लादेश का यह विश्व कप में केवल दूसरा मैच था लेकिन उसके लिए यह करो या मरो जैसा था क्योंकि उसे आगे वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और द. अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों से भिड़ना है। वह पहले मैच में भारत से 87 रन से हार गया था।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
आयरलैंड, बांग्लादेश