विज्ञापन
This Article is From Apr 01, 2017

India Open Badminton : पीवी सिंधु ने वर्ल्ड नंबर चार सुन जी यून को हराकर फाइनल में जगह बनाई

India Open Badminton :  पीवी सिंधु ने वर्ल्ड नंबर चार सुन जी यून को हराकर फाइनल में जगह बनाई
पीवी सिंधु ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया की सुन जी यून से भिड़ रही है (फोटो : AFP)
  • पीवी सिंधु ने रियो ओलिंपिक में सिल्वर मेडल जीता था
  • सिंधु ने क्वार्टर फाइनल में साइना नेहवाल को हराया
  • साल 2014 में साइना ने सिंधु को हराया था
नई दिल्ली: भारत की ओलिंपिक पदक विजेता स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने इंडिया ओपन टूर्नामेंट के महिला एकल वर्ग के सेमीफाइनल में शनिवार को वर्ल्ड नंबर चार दक्षिण कोरिया की सुन जी यून को हराकर फइनल में जगह बना ली. तीन गेम तक चले मुकाबले को सिंधु ने 21-18, 14-21 और 21-14 से अपने नाम किया. सिंधु ने पहला गेम जीत लिया था, लेकिन दूसरे गेम में यून ने वापसी करके स्कोर बराबरी पर ला दिया. फिर तीसरे गेम में सिंधु ने लगभग एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज कर ली. फाइनल में सिंधु का सामना मौजूदा ओलिंपिक और विश्व चैम्पियन स्पेन की कैरोलिना मारिन से होगा. मारिन ने ही रियो ओलिंपिक-2016 के फाइनल में मात देकर सिंधु को स्वर्ण से वंचित कर दिया था. क्वार्टर फाइनल में सिंधु ने हमवतन साइना नेहवाल को हराया था.

पहला गेम : पिछड़कर सिंधु ने की शानदर वापसी
पहले गेम के शुरुआती दौर में सिंधु और यून 2-2 से बराबरी रहीं. इस बीच सिंधु को कुछ गलतियों का खामियाजा भुगतना पड़ा और वह 3-6 से पीछे हो गई. इसके बाद उन्होंने रिकवरी की और स्कोर 5-6 कर लिया. थोड़ी ही देर में 7-7 से स्कोर बराबर हो गया. देखते ही देखते सिंधु ने 10-9 की बढ़त हासिल कर ली और फिर उसे लगभग पहले गेम के अंत तक बनाए रखा और उसे 21-18 से जीत लिया.

दूसरा गेम : यून ने की वापसी
दूसरे गेम में पीवी सिंधु अपनी लय खोती हुईं दिखीं. हालांकि शुरुआत में उन्होंने 2-1 से बढ़त बना ली, लेकिन फिर पिछड़ा शुरू हो गईं. यून ने उन पर 7-5 से बढ़त बना ली, जो जल्दी ही 11-6 हो गई. सिंधु ने वापसी की कोशिश की, लेकिन पांच के अंतर को खत्म नहीं कर पाईं और अंत में दूसरा गेम 14-21 से हार गईं.

तीसरा गेम : सिंधु की लगभग एकतरफा जीत
तीसरे और निर्णायक गेम में पीवी सिंधु ने दमदार वापसी की और देखते ही देखते 4-0 से बढ़त बना ली. फिर यून ने दो पॉइंट लेते हुए स्कोर 2-4 कर लिया. सिंधु ने तीन पॉइंट और बनाकर स्कोर 7-2 कर दिया. सिंधु इस गेम में बेहतर नजर आईं. जहां यून ने दो अंक लिए. वहीं सिंधु चार अंक और लेकर स्कोर 11-4 कर दिया. इस बीच यून ने भी चार पॉइंट लिए, लेकिन सिंधु ने बढ़त बरकरार रखी और स्कोर 11-8 कर लिया. यून ने जबर्दस्त संघर्ष करते हुए दो पॉइंट हासिल करते हुए स्कोर 10-12 कर लिया. फिर सिंधु ने दो अंक बनाए और 14-10 पर पहुंच गईं. फिर स्कोर 17-11 हो गया. इसके बाद यून ने केवल तीन पॉइंट बनाए, जबकि सिंधु ने बचे हुए चार पॉइंट हासिल करते हुए मुकाबला 21-14 से जीत लिया.

क्वार्टर में साइना को कुछ यूं हराया था...
गौरतलब है कि सिंधु ने शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हमवतन साइना नेहवाल को मात दी थी. वास्तव में साल 2014 में इंडिया ग्रां. प्री में सिंधु को साइना ने ही हराया था. अब सिंधु ने इसका बदला भी ले लिया है. रोमांचक मुकाबले में पीवी सिंधु ने साइना नेहवाल को 21-16, 22-20 से हराने में सफलता हासिल की थी. पहले गेम में दोनों ही खिलाड़ियों ने अच्छी शुरुआत की और एक समय तो दोनों पांच-पांच से बराबरी पर चल रही थीं. इसके बाद सिंधु ने तेजी दिखाते हुए 16-10 से बढ़त हासिल की. इस बीच, साइना ने अंक लेते हुए स्कोर 11-16 किया, लेकिन सिंधु ने फिर आगे बढ़कर 19-15 से बढ़त बना ली. फिर सिंधु ने साइना को पछाड़ते हुए पहले गेम में 21-16 से जीत हासिल की.

दूसरे गेम में 27 साल की साइना ने 21 साल सिंधु को कड़ी टक्कर दी. दूसरे गेम में साइना नेहवाल ने बराबर बढ़त बना रखी थी. साइना अपने स्मैश, प्लेसिंग और बॉडी शॉट के ज़रिये सिंधु पर इस कदर हावी रहीं कि सिंधु के कोच पुलेला गोपीचंद भी टेंशन में नज़र आये. 19 प्वाइंट तक साइना की बढ़त ज़रूर बनी रही. लेकिन 28 मिनट तक चले दूसरा गेम सिंधु ने 22-20 से अपने नाम कर लिया.

इसके बाद साइना ने एक अंक हासिल कर स्कोर हासिल कर 20-19 से बढ़त ली और लगभग दूसरा गेम का परिणाम अपने खाते में डालने की कोशिश की, लेकिन अगले ही पल सिंधु ने अच्छी वापसी को और दो अंक हासिल कर साइना की उम्मीदों पर पानी फेरते हुए उन्हें 22-20 से मात देकर क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जीत हासिल की.

भारत को पुरुष एकल वर्ग में निराशा हाथ लगी. मेजबान देश के सभी दिग्गज खिलाड़ियों के टूर्नामेंट से बाहर हो जाने के बाद समीर वर्मा पर भारत का दरोमदार था लेकिन वह क्वार्टर फाइनल में डेनमार्क के आंद्रेस एंटोनसेन की चुनौती से पार नहीं पा सके.

आंद्रेस ने समीर को 53 मिनट तक चले मुकाबले में 24-22, 21-19 से मात दी और सेमीफाइनल में प्रवेश किया. समीर और आंद्रेस का पहली बार किसी प्रतियोगिता में आमना-सामना हुआ. टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में आंद्रेस की भिड़ंत चीनी ताइपे के चोउ तिएन चेन से होगी. चोउ ने एक अन्य क्वार्टर फाइनल मुकाबले में डेनमार्क के हांस क्रिस्टियन सोलबर्ग विटिंघस को सीधे गेमों में 21-10, 21-14 से हराया.

महिला एकल वर्ग में स्पेन की ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता कैरोलिना मारिन ने भी सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया है. उन्होंने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जापान की मिनातसु मितानी को 21-10, 20-22, 21 से मात दी. सेमीफाइनल में उनका सामना जापान की यामाकुची से होगा. यामकुची ने क्वार्टर फाइनल में अपने देश की ही नोजोमी ओकुहारा को 21-13, 11-21, 21-18 से मात दी.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PV Sindhu, India Open 2017, Saina Nehwal, PV Sindhu Badminton, Badminton, India Open Badminton, Sung Ji Hyun
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com