भारत की सर्वोच्च रैंकिंग वाली महिला स्क्वाश खिलाड़ी दीपिका पल्लीकल अगले महीने कनाडा में विश्व टीम चैम्पियनशिप नहीं खेल सकेगी क्योंकि उसे इसकी जानकारी ही नहीं है।
इस बारे में पूछने पर दुनिया की 16वें नंबर की इस खिलाड़ी ने कहा, ‘‘मुझे इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है।’’
इससे पहले राष्ट्रमंडल खेलों में युगल स्वर्ण पदक विजेता उनकी जोड़ीदार जोशना चिनप्पा ने पत्रकारों को बताया कि दीपिका टीम का हिस्सा नहीं है।
जोशना ने 13वां राष्ट्रीय महिला खिताब जीतने के बाद कहा कि वह 1 से 6 दिसंबर तक कनाडा में होने वाले टूर्नामेंट में अनाका अलांकामोनी, संचिका इंगले और हषिर्त कौर के साथ खेलेगी।
विश्व रैंकिंग में 21वें स्थान पर काबिज जोशना ने कहा कि दीपिका की गैर-मौजूदगी में टीम कमजोर होगी।
उन्होंने कहा, ‘‘हम शीर्ष 12 में रहने की कोशिश करेंगे। यह दीपिका के बिना आसान नहीं होगा क्योंकि एक टीम का नंबर एक खिलाड़ी दूसरी टीम के नंबर एक खिलाड़ी से खेलेगा। इसी तरह दूसरे और तीसरे नंबर का खिलाड़ी विरोधी टीम के दूसरे और तीसरे नंबर के खिलाड़ी से खेलेगा। दीपिका की गैर मौजूदगी में अनाका हमारी नंबर दो खिलाड़ी होगी।’’
यह पूछने पर कि दीपिका क्यो नहीं खेल रही है, उन्होंने कहा, ‘‘आप उसी से पूछे तो बेहतर होगा।’’ दीपिका और जोशना हालांकि मिस्र के काहिरा में 12 से 20 दिसंबर तक होने वाली विश्व चैम्पियनशिप में खेलेंगी।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं