विज्ञापन
This Article is From Jul 15, 2014

जर्मन टीम ने निकाली विजय परेड, बर्लिन की सड़कों पर हजारों उमड़े

जर्मन टीम ने निकाली विजय परेड, बर्लिन की सड़कों पर हजारों उमड़े
बर्लिन:

फीफा वर्ल्डकप विजेता जर्मन टीम ने मंगलवार को राजधानी बर्लिन में विजय परेड निकाला, जिसमें 50 हजार से अधिक लोगों ने शिरकत की।

बर्लिन की सड़कों पर उमड़े लोगों ने शहर के सबसे बड़े चौराहे पर बने स्टेज पर पहुंचे अपने चहेते खिलाड़ियों का स्वागत किया और 24 साल बाद देश में आए विश्व कप ट्रॉफी का दीदार किया।

जर्मनी ने एकीकरण के बाद पहली बार फीफा वर्ल्डकप खिताब जीता है। इससे पहले पश्चिम जर्मनी ने 1990 में अर्जेंटीना को हराकर तीसरी बार चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया था।

इसके बाद 1998 में जर्मनी का एकीकरण हुआ और पश्चिम तथा पूर्वी जर्मनी मिलकर एक हो गए। बर्लिन की मशहूर दीवार तोड़ दी गई। दोनों देशों के एक होने के बाद यह टीम और मजबूत हुई।

इसके बाद इस टीम ने दो बार विश्व कप से सेमीफाइनल में और दो बार फाइनल में स्थान बनाया, लेकिन वह खिताब तक नहीं पहुंच सकी। 24 साल तक इंतजार करने के बाद एकीकृत जर्मनी को फुटबाल का विश्व चैम्पियन बनने का मौका मिला है।

परेड से पहले जर्मन टीम की जर्सी पहने संगीतकारों ने कार्यक्रम पेश किया। मंच के नीचे हजारों की संख्या में प्रशंसक राष्ट्र ध्वज लहरा रहे थे। इसके बाद खिलाड़ियों ने मंच पर प्रवेश किया। कप्तान फिलिप लाम के हाथ में विश्व कप देखकर प्रशंसकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

उल्लेखनीय है कि जर्मनी ने रविवार को रियो के माराकाना स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में अर्जेटीना को 1-0 से हराकर चौथी बार विश्व कप खिताब जीता है। मैच का एकमात्र गोल मारियो गोट्जे ने अतिरिक्त समय के 113वें मिनट में किया।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
फीफा वर्ल्डकप, जर्मनी बना चैम्पियन, जर्मनी की टीम का स्वागत, Germany Welcomes Team, FIFA World Cup, Germany Team
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com