विज्ञापन
This Article is From Feb 15, 2011

धोनी ने अपने बयान को लेकर सफाई दी

धोनी ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने बीते रविवार को जिस थकान का जिक्र किया था, वह असल में अभ्यास मैचों को लेकर मानसिक तैयारी से जुड़ा है।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
चेन्नई: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने बीते रविवार को जिस थकान का जिक्र किया था, वह असल में अभ्यास मैचों को लेकर मानसिक तैयारी से जुड़ा है। इसे सीधे अर्थों में थकान के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए था। धोनी ने चेपक स्टेडियम में अभ्यास के बाद पत्रकारों से कहा कि उनकी टीम को अभ्यास मैच खेलने की आदत नहीं है और यही कारण है कि उन्होंने इसे लेकर जो टिप्पणी की थी, उसमें मानसिक तौर पर तैयार होने की बात कही थी। धोनी ने कहा, "मैंने जो कहा था उसका अर्थ थकान से नहीं था। मेरा मतलब यह था कि हमारी टीम अभ्यास मैचों के लिए मानसिक तौर पर तैयार नहीं है। अभ्यास मैचों के लिए ठीक उसी तरह तैयार हो पाना मुश्किल है, जैसा आप नियमित मैचों के लिए तैयारी करते हैं।" ऑस्ट्रेलिया के साथ हुए अभ्यास मैच के बाद मीडिया के एक धड़े ने यह खबर दी थी कि धोनी अपने खिलाड़ियों की थकान को लेकर चिंतित हैं और यही कारण है कि वह अभ्यास मैचों में खेलने के पक्ष में नहीं हैं। बुधवार को भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के साथ अपना दूसरा और अंतिम अभ्यास मैच खेलना है। इसे लेकर धौनी ने कहा कि 19 फरवरी को होने वाले पहले ग्रुप मुकाबले से पूर्व उनके साथियों को इस मैच के जरिए अपने जज्बे का प्रदर्शन करना होगा। धोनी ने कहा, "हमें मैदान में अपनी सक्रियता बढ़ानी होगी। हम विश्व कप की ओर बढ़ रहे हैं और चूंकि यह हमारा अंतिम अभ्यास मैच है लिहाजा मैं चाहूंगा कि मेरे साथी इस मैच के जरिए जीत को लेकर अपनी व्याग्रता तथा उत्सुकता का प्रदर्शन करें।"  धोनी ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मध्यक्रम का नहीं चल पाना उनके लिए चिंता का विषय है लेकिन उन्हें इस बात की खुशी है कि स्पिनरों ने कमान अपने हाथ में लेते हुए शानदार प्रदर्शन किया और टीम की जीत तय की। धोनी ने कहा, "हमें मध्यक्रम में एक बड़ी साझेदारी को अंजाम देना चाहिए था। यही कारण है कि हम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रहे। बल्लेबाजों की नाकामी के बाद हालांकि स्पिनरों ने शानदार खेल दिखाया और हालात का भरपूर फायदा उठाते हुए टीम को जीत तक ले गए।"

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
धोनी, मानसिक तैयारी, टीम
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com