राष्ट्रमंडल खेलों के 20वें संस्करण में बुधवार को पुरुष एवं महिला एकल वर्ग (बैडमिंटन) में पीवी सिंधु सहित सभी भारतीय खिलाड़ियों ने अंतिम-16 दौर में प्रवेश करने में सफलता हासिल की।
भारत की पुरुष एवं महिला युगल टीमें भी बुधवार को अपने-अपने अंतिम-32 दौर के मुकाबले जीतकर अगले दौर में पहुंच गईं।
अक्षय देवाल्कर और प्रणव चोपड़ा की जोड़ी ने जहां अपने श्रीलंकाई प्रतिद्वंद्वियों को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया, वहीं ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा को किरिबाती की उनकी प्रतिद्वंद्वी जोड़ी के मैच से हट जाने के कारण अंतिम-16 दौर में वाक ओवर मिल गया।
महिला एकल वर्ग से सिंधु के अलावा पीसी तुलसी ने और पुरुष एकल वर्ग से पारुपल्ली कश्यप, किदांबी श्रीकांत और आरएमवी गुरुसाईदत्त अंतिम-16 दौर में प्रवेश कर गए।
महिला एकल वर्ग में सिंधु और तुलसी अगले दौर में गुरुवार को कोर्ट पर उतरेंगी, जबकि पुरुष वर्ग से सभी भारतीय खिलाड़ियों का अगला मुकाबला शुक्रवार को होगा।
एमिरेट्स एरेना में हुए अंतिम-32 दौर के मुकाबलों में पहला भारत के लिए पहला मुकाबला महिला एकल वर्ग से पीसी तुलसी खेलने उतरीं। तुलसी ने नॉर्दर्न आयरलैंड की एस चेम्बर्स को सीधे गेमों में 2-0 से हरा दिया। तुलसी ने 24 मिनट में 21-10, 21-2 से मैच जीता।
टूर्नामेंट की सर्वोच्च वरीय सिंधु महिला एकल वर्ग के अंतिम-32 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की प्रतिद्वंद्वी सांद्रा ले ग्रांज पर काफी भारी साबित हुईं। सिंधु ने मात्र 17 मिनट में सांद्रा को 21-4, 21-6 से हराया।
सिंधु अब अंतिम-16 दौर में श्रीलंका की थिलीनी हेंदाहेवा का जबकि तुलसी अगले दौर में कनाडा की राचेल होंडेरिख और जर्सी की सोलेन पास्तुरेल के बीच की विजेता से भिड़ेंगी।
पुरुष एकल वर्ग में गुरुसाईदत्त ने युगांडा के एडविन एकिरिंग को 21-11, 21-13 से हरा दिया। एकिरिंग सीधे गेमों में हारे, हालांकि उन्होंने गुरुसाईदत्त को 30 मिनट तक संघर्ष करने के लिए जरूर मजबूर किया।
पारुपल्ली कश्यप ने हालांकि एकतरफा मुकाबले में बारबाडोस के डाकील थोर्पे को 21-9, 21-5 से मात दे दी। कश्यप ने यह मैच जीतने में सिर्फ 17 मिनट लगाए। श्रीकांत ने भी वेल्स के डेनियल फोंट को आसान मुकाबले में 21-8, 21-13 से मात देकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
गुरुसाईदत्त अगले दौर में कनाडा के एंड्र डिसूजा से, श्रीकांत श्रीलंका के निलुका करुणारत्ने से तथा कश्यप ऑस्ट्रेलिया के जेफ थो से भिड़ेंगे।
पुरुष युगल वर्ग में अक्षय देवाल्कर और प्रणव चोपड़ा की जोड़ी ने सचिन डायस और बुवानेका डुलेवा की श्रीलंकाई जोड़ी को 23 मिनट में 21-10, 21-9 से हराकर अंतिम-16 दौर में जगह बना ली।
अक्षय-प्रणव की जोड़ी अगले दौर में कनाडा और मलेशियाई जोड़ी के बीच के विजेता से गुरुवार को भिड़ेगी।
ज्वाला-पोनप्पा की जोड़ी अब शुक्रवार को नॉरफॉक आइलैंड और ऑस्ट्रेलिया की खिलाड़ियों के बीच गुरुवार को होने वाले मुकाबले की विजेता से भिड़ेंगी।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं