विश्वकप से बाहर होने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान पोंटिंग के पद छोड़ने के एक दिन बाद क्लार्क को टेस्ट और वनडे टीम की कमान सौंप दी गई।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
मेलबर्न:
भारत के हाथों क्वार्टर फाइनल में हारकर क्रिकेट विश्व कप से बाहर होने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान रिकी पोंटिंग के पद छोड़ने के एक दिन बाद माइकल क्लार्क को टेस्ट और वनडे टीम की कमान सौंप दी गई। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बयान के अनुसार, क्लार्क ऑस्ट्रेलिया के 43वें टेस्ट कप्तान बने हैं और वह बांग्लादेश दौरे पर तीन वनडे मैचों की आगामी शृंखला के दौरान टीम का नेतृत्व करेंगे। बयान के मुताबिक, ऑलराउंडर शेन वाटसन को उपकप्तान की भूमिका सौंपी गई है, जबकि कैमरून वाइट ट्वेंटी-20 टीम के कप्तान बने रहेंगे। गौरतलब है कि एशेज सीरीज में इंग्लैंड के हाथों मिली हार और क्वार्टर फाइनल में मात खाकर विश्व कप से बाहर होने के बाद ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पोंटिंग ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। पोंटिंग को हालांकि बांग्लादेश के दौरे पर जाने वाली टीम में शामिल किया गया है। क्लार्क ने सिडनी में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, सबसे पहले मैं कहना चाहता हूं कि कप्तान बनना सम्मान की बात है और रिकी पोंटिंग का पद छोड़ना काफी आश्चर्यजनक रहा। उन्होंने कहा, मैं जानता हूं कि रिकी मुझे मेरी सर्वश्रेष्ठ क्षमता के साथ अपना काम करने में मदद करेंगे। हम खेल के हर प्रारूप में टीम को सर्वश्रेष्ठ देखना चाहते हैं और इसमें थोड़ा समय लगने वाला है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
क्रिकेट, विश्व कप, ऑस्ट्रेलिया, क्लार्क, रिकी पोंटिंग, कप्तानी