विज्ञापन

एक ने वर्ल्ड नंबर-1 को हराया, दूसरी से गोल्ड की आस, एशियन गेम्स में इन 5 डेब्यूटेंट्स पर रहेगी नजर

एशियन गेम्स 2026 में भारत की ओर से टूर्नामेंट में कुल 503 खिलाड़ी 35 खेल इवेंट में हिस्सा लेंगे. हालांकि, कुछ ऐसे प्लेयर्स भी हैं, जो एशियन गेम्स में पहली बार देश के लिए मेडल लाने के इरादे से उतरेंगे.

एक ने वर्ल्ड नंबर-1 को हराया, दूसरी से गोल्ड की आस, एशियन गेम्स में इन 5 डेब्यूटेंट्स पर रहेगी नजर
रोहित यादव और आयुष शेट्टी
X (formerly Twitter)

एशियन गेम्स 2026 का आगाज 19 सितंबर से जापान के आइची-नागोया में होने जा रहा है. भारत की ओर से टूर्नामेंट में कुल 503 खिलाड़ी 35 खेल इवेंट में हिस्सा लेंगे. हालांकि, कुछ ऐसे प्लेयर्स भी हैं, जो एशियन गेम्स में पहली बार देश के लिए मेडल लाने के इरादे से उतरेंगे. आइए ऐसे ही पांच युवा खिलाड़ियों के नाम आपको बताते हैं, जिनके प्रदर्शन पर हर किसी की निगाहें होंगी.  

रोहित यादव से मेडल की उम्मीद

नीरज चोपड़ा के एशियन गेम्स 2026 से बाहर होने के बाद रोहित यादव से जैवलिन थ्रो के खेल में भारत को मेडल की आस होगी. रोहित का हाल फिलहाल में प्रदर्शन दमदार रहा है. 87.68 मीटर का थ्रो उनके करियर का सबसे बेस्ट थ्रो रहा है. इंडियन एथलेटिक्स सीरीज के फाइनल मुकाबले में भी रोहित ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 81.10 मीटर के थ्रो के साथ पहले स्थान हासिल किया था.

सुरुचि फोगाट मेडल की बड़ी दावेदार

19 वर्षीय शूटर सुरुचि फोगाट एशियन गेम्स 2026 में मेडल जीतने की प्रबल दावेदार नजर आ रही हैं. सुरुचि ने साल 2026 में कई इंटरनेशनल प्रतियोगितओं में दमदार प्रदर्शन करते हुए देश को मेडल दिलाए हैं. 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में सुरुचि ने लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए खुद को भारत के भरोसेमंद शूटर्स की लिस्ट में शामिल किया है. वर्ल्ड स्टेज पर अपनी काबिलियत साबित कर चुकीं सुरुचि एशियन गेम्स में भी दमखम दिखाना चाहेंगी.

साक्षी चौधरी बॉक्सिंग की नई सनसनी

भारतीय महिला बॉक्सिंग की नई सनसनी बनकर उभरीं साक्षी चौधरी एशियन गेम्स 2026 में मेडल लाने की प्रबल दावेदार मानी जा रही हैं. स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में साक्षी का प्रदर्शन शानदार रहा था और उन्होंने सिल्वर मेडल अपने नाम किया था. हालांकि, एशियन गेम्स में साक्षी की निगाहें 'गोल्डन पंच' पर जरूर होगी.

सुजीत कलकल से भी मेडल की उम्मीद

भारत के पहलवान सुजीत कलकल भी उन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जो पहली बार एशियन गेम्स में हिस्सा लेने जा रहे हैं. सुजीत ने पिछले कुछ समय में अपने जबरदस्त दांव से विश्व के बड़े से बड़े पहलवानों को चित किया है. सुजीत का प्रदर्शन चयन ट्रायल में भी दमदार रहा था. अपनी आक्रामक शैली के दम पर वह एशियन गेम्स में भारत को मेडल दिला सकते हैं.

आयुष शेट्टी पर रहेगी नजर

भारतीय युवा बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने बेहद कम समय में अपनी खास पहचान बनाई है. आयुष का प्रदर्शन बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी शानदार रहा था और उन्होंने बड़ा उलटफेर करते हुए विश्व के नंबर एक खिलाड़ी और विश्व चैंपियन शी युकी को शिकस्त दी थी. यही वजह है कि एशियन गेम्स में भी उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है.

ये भी पढ़ें-  एशियन गेम्स से बाहर हुआ भारत का इकलौता पुरुष वेटलिफ्टर, मीराबाई चानू से बढ़ीं भारत की उम्मीदें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sports News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com