विज्ञापन
This Article is From May 24, 2018

कर्नाटक के उपमुख्‍यमंत्री ने बीजेपी पर लगाया ईवीएम से छेड़छाड़ का आरोप

जी परमेश्‍वर ने कहा कि हमारे पार्टी के कुछ नेता और मुझे भी ऐसा लगता है कि बीजेपी ने ईवीएम से छेड़छाड़ की है.

कर्नाटक के उपमुख्‍यमंत्री ने बीजेपी पर लगाया ईवीएम से छेड़छाड़ का आरोप
कर्नाटक के उपमुख्‍यमंत्री जी परमेश्‍वर ने कहा है कि वो चुनाव आयोग से शिकायत करेंगे
नई दिल्‍ली: कर्नाटक बीजेपी के नेता बीएस येदियुरप्‍पा कर्नाटक चुनाव में हुई अनियमितता को लेकर चुनाव आयोग से शिकायत कर चुके हैं. अब कर्नाटक कांग्रेस के नेता और राज्‍य के उपमुख्‍यमंत्री जी परमेश्‍वर ने बीजेपी पर ईवीएम से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है. जी परमेश्‍वर ने कहा कि हमारे पार्टी के कुछ नेता और मुझे भी ऐसा लगता है कि बीजेपी ने ईवीएम से छेड़छाड़ की है. उन्‍होंने कहा कि इसके कारण कई कांग्रेसी नेता वहां भी चुनाव हार गए जहां वो काफी मजबूत स्‍थ‍िति में थे. उन्‍होंने कहा कि हमलोग इसकी शिकायत चुनाव आयोग से करेंगे और साथ ही इस बात की भी अपील करेंगे कि अब चुनाव में ईवीएम की जगह बैलेट पेपर का इस्‍तेमाल हो. ज्ञात हो कि 19 मई को जी परमेश्‍वर ने कर्नाटक के उपमुख्‍यमंत्री पद की शपथ ली है.
 
इससे पहले भी बीजेपी पर ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोप लगते रहे हैं लेकिन ताजा मामला कर्नाटक का है जहां के उपमुख्‍यमंत्री ने बीजेपी पर ईवीएम से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है. राज्‍य में 12 मई को मतदान हुआ था और 15 मई को चुनाव के नतीजे घोषित किए गए. चुनाव परिणाम में किसी भी दल को पूर्ण बहुमत नहीं मिला. बीजेपी ने 104 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की और राज्‍य में सबसे बड़ी पार्टी बनी. 78 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज कर दूसरे नंबर पर कांग्रेस आई जबकि तीसरे नंबर पर 38 विधानसभा सीटों पर जीत के साथ जेडीएस थी. राज्‍य में 2 निर्दलीय उम्‍मीदवार भी चुनाव जीतकर आए.

राज्‍यपाल वजूभाई वाला ने राज्‍य की सबसे बड़ी पार्टी बीजेपी के नेता बीएस येदियुरप्‍पा को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया. 17 मई को बीएस येदियुरप्‍पा ने शपथ ली लेकिन 19 मई को फ्लोर टेस्‍ट से पहले ही अपने पद से इस्‍तीफा दे दिया. फिर राज्‍यपाल ने कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन के नेता एचडी कुमारस्‍वामी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया. एचडी कुमारस्‍वामी ने 23 मई को कर्नाटक के मुख्‍यमंत्री पद की शपथ ली.

VIDEO: जी परमेश्वर ने कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
EVM Tampering, G Parameshwara
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com