विज्ञापन

उदयपुर होटल रेड में बड़ा खुलासा, भारत से डिपोर्ट होने के बाद भी रह रही थी थाइलैंड की महिला, रजिस्टर पर एंट्री तक नहीं

फिलहाल पुलिस विदेशी महिलाओं के दस्तावेजों, भारत में प्रवेश और होटल में उनकी गतिविधियों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

उदयपुर होटल रेड में बड़ा खुलासा, भारत से डिपोर्ट होने के बाद भी रह रही थी थाइलैंड की महिला, रजिस्टर पर एंट्री तक नहीं
उदयपुर के होटल में रेड के बाद पकड़ी गई थाइलैंड मूल की महिलाएं.
NDTV
  • उदयपुर में CID विशेष शाखा और गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर एक होटल पर छापा मारा.
  • छापे के दौरान थाईलैंड की तीन महिलाओं को डिटेन किया गया, जिनके पास वैध दस्तावेज नहीं पाए गए.
  • जांच में सामने आया कि एक महिला को पहले भी भारत से डिपोर्ट किया जा चुका था, वह नेपाल बॉर्डर से भारत आई थी.
उदयपुर:

उदयपुर शहर में विदेशी नागरिकों से जुड़े मामले में CID विशेष शाखा और गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक होटल पर छापा मारा. कार्रवाई के दौरान थाईलैंड मूल की तीन महिलाओं को डिटेन किया गया. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिलाएं कथित तौर पर बिना वैध दस्तावेजों के होटल में ठहरी हुई थीं. पुलिस अब उनके भारत में प्रवेश और यहां ठहरने से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है. जानकारी के अनुसार, पुलिस को होटल में विदेशी महिलाओं के ठहरने और स्पा गतिविधियों से जुड़ी सूचना मिली थी.

इसके बाद सीआईडी विशेष शाखा और गोवर्धन विलास थाना पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से होटल पर कार्रवाई की. जांच के दौरान महिलाओं के दस्तावेजों और उनकी गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई गई. 

मामले में एक महिला को लेकर विशेष जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि उसे पहले भी भारत से डिपोर्ट किया जा चुका था. इसके बावजूद वह नेपाल बॉर्डर के रास्ते दोबारा भारत में दाखिल हुई थी. पुलिस इस जानकारी का सत्यापन करने के साथ ही महिला के दोबारा भारत आने से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है. 

पुलिस के अनुसार, इन महिलाओं से कथित तौर पर अवैध रूप से स्पा का काम करवाया जा रहा था. इस मामले में होटल संचालक की भूमिका भी जांच के दायरे में है. 

पुलिस ने होटल संचालक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस विदेशी महिलाओं के दस्तावेजों, भारत में प्रवेश और होटल में उनकी गतिविधियों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

वीजा खत्म होने के बाद भी रह रही थीं, एक पहले भी हो चुकी है डिपोर्ट

जांच में सामने आया कि इन महिलाओं के वीजा और पासपोर्ट की अवधि समाप्त हो चुकी थी. इसके बावजूद वे अवैध रूप से उदयपुर में रह रही थीं. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इनमें से एक महिला को पहले भी भारत से डिपोर्ट किया जा चुका था, लेकिन वह दोबारा नेपाल बॉर्डर के रास्ते अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर उदयपुर पहुंच गई.

होटल मालिक पर गिरेगी गाज, राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. विक्रम सिंह ने बताया कि विदेशी नागरिकों का इस तरह बिना वैध दस्तावेजों के अवैध रूप से रहना और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त होना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हो सकता है. इस लापरवाही और कानून के उल्लंघन को लेकर होटल मालिक के विरुद्ध इमीग्रेशन एवं फॉरेनर्स एक्ट 2025 की धारा 7(2) एवं धारा 29 के तहत सख्त नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

सभी होटल और रिसॉर्ट संचालकों को सख्त निर्देश

पुलिस प्रशासन ने उदयपुर के सभी होटल, विला और रिसॉर्ट संचालकों को कड़े निर्देश जारी किए हैं. प्रशासन ने साफ कहा है कि किसी भी विदेशी नागरिक को ठहराने से पहले इमीग्रेशन एवं फॉरेनर्स एक्ट 2025 के नियमों और प्रावधानों का पूरी तरह पालन किया जाए. नियमों की अनदेखी करने वाले होटल संचालकों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.

गुप्त सूचना पर होटल में छापा

यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मुकुल शर्मा के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (विदेशी पंजीयन अधिकारी) डॉ. विक्रम सिंह के नेतृत्व में की गई. 19 अक्टूबर 2026 को सी.आई.डी. की 'काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट' को गोवर्धन विलास क्षेत्र के होटल सिटी प्राइड में विदेशी महिलाओं के अवैध रूप से रुकने और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त होने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही CID टीम और गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से होटल पर छापा मारा.

स्पा की आड़ में संदिग्ध खेल, रिकॉर्ड से गायब थे नाम

पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो होटल संचालक ने पूछताछ में कबूल किया कि वह होटल में विदेशी महिलाओं से स्पा का काम करवा रहा था. पुलिस ने होटल के कमरा नंबर 102, 103, 104 और 109 की तलाशी ली, जहां ये तीनों थाईलैंड मूल की महिलाएं रुकी हुई थीं. पुलिस ने होटल के विजिटर रजिस्टर की जांच की, तो उसमें इन विदेशी महिलाओं के ठहरने की कोई एंट्री नहीं पाया गया.

यह भी पढ़ें - उदयपुर के 5 स्टार होटल में बीवी-बच्चों के साथ 10 दिन की मस्ती, 5.74 लाख का बिल चुकाए बिना रफूचक्कर हुआ परिवार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Udaipur, Udaipur Hotel, Udaipur Hotel Raid, Udaipur Police, Udaipur News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com