मनोज बाजपेयी की गिनती बॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों में होती हैं. उन्होंने पर्दे पर कई तरह के किरदार कर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है. सिनेमा से लंबे समय तक जुड़े होने की वजह से वह फिल्मों पर भी अपनी राय देते रहते हैं. लेकिन उनके एक बयान की काफी चर्चा हो रही है. दरअसल मनोज बाजपेयी हाल ही में एक टॉक शो में पहुंचे. वहां उन्होंने सिनेमा को लेकर चर्चा की. इस दौरान मनोज बाजपेयी ने धुरंधर, द कश्मीर फाइल्स, द करेला फाइल्स और उदयपुर फाइल्स को प्रोपेगेंडा कहे जाने पर सहमति जताई.
उदयपुर फाइल्स के डायरेक्टर का रिएक्शन
उन्होंने प्रोपेगेंडा फिल्मों के लेकर अपनी राय दी और कहा कि सिर्फ इन चुनिंदा फिल्मों को लेकर ही चर्चा क्यों? मनोज बाजपेयी के इस बयान के बाद उदयपुर फाइल्स के डायरेक्टर भारत एस. श्रीनाटे ने रिएक्शन दिया है. उन्होंने कहा, 'सिनेमा का चरित्र तय करने का अधिकार किसी एक विचारधारा की जागीर नहीं है. मनोज बाजपेयी जी एक मंझे हुए कलाकार हैं और मैं उनकी अभिनय प्रतिभा का सम्मान करता हूं, लेकिन उदयपुर फाइल्स जैसी फिल्मों को प्रोपेगेंडा के कटघरे में खड़ा करने वाली सोच से मेरे कुछ सवाल हैं.'
'जब आप ‘सत्या' में अंडरवर्ल्ड दिखाते हैं, ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर' में हिंसा, अपराध और अश्लीलता दिखाते हैं, ‘चक्रव्यूह' में नक्सलवाद दिखाते हैं, तब उसे यथार्थवादी सिनेमा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता कहा जाता है. लेकिन जब कोई फिल्मकार कन्हैया लाल हत्याकांड जैसी वास्तविक और दुर्भाग्यपूर्ण घटना को पर्दे पर उतारता है, तो उसे प्रोपेगेंडा कहने की बहस क्यों शुरू हो जाती है?
अपराध को उजागर करना भी कला
'आपकी अपनी फिल्म ‘घूसखोर पंडित' के शीर्षक पर एक समुदाय ने आपत्ति जताई थी. उस समय आपका तर्क था कि एक व्यक्ति के अपराध का चित्रण पूरे समुदाय के विरुद्ध नहीं है. तो यही तर्क उदयपुर फाइल्स पर लागू क्यों नहीं होना चाहिए?
मैं किसी कलाकार की फिल्म को केवल इसलिए समाज विरोधी नहीं कहता क्योंकि उसमें अपराध या हिंसा दिखाई गई है. लेकिन मैं अपने सिनेमा के लिए भी उसी बौद्धिक ईमानदारी और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की अपेक्षा करता हूं.
सिनेमा में अपराध का चित्रण करना यदि कला है, तो वास्तविक अपराध को उजागर करना भी कला है. अपनी विचारधारा के अनुकूल सिनेमा को कला और प्रतिकूल सिनेमा को प्रोपेगेंडा कहना, अपने आप में एक वैचारिक प्रोपेगेंडा है. सत्य असुविधाजनक हो सकता है, लेकिन केवल असुविधाजनक होने से वह प्रोपेगेंडा नहीं हो जाता.'
यह भी पढ़ें | 26 साल पुराना कविता कृष्णमूर्ति का गाना, जिसमें करिश्मा बनी थीं हिंदी सिनेमा की सबसे खूबसूरत बंजारन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं