राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. राज्य निर्वाचन आयोग ने 3 अक्टूबर को चुनाव कार्यक्रम घोषित किया था. इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई. जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव चार चरणों में होंगे, जबकि सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव भी चरणबद्ध तरीके से कराए जाएंगे. भाजपा और कांग्रेस दोनों ही चुनावी तैयारियों में जुटी हुई हैं. इसी क्रम में भाजपा ने दौसा और करौली जिला परिषद के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है.
दौसा में 30 वार्डों पर उम्मीदवार लगभग तय
दौसा जिला परिषद में कुल 37 वार्ड हैं. भाजपा ने इनमें से 31 वार्डों पर अपने उम्मीदवारों को लगभग अंतिम रूप दे दिया है. पार्टी ने कई सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं, जबकि वार्ड संख्या 1, 4, 9, 14 और 16 के उम्मीदवारों के नाम अभी विचाराधीन रखे गए हैं. वार्ड संख्या 8 को फिलहाल रिक्त छोड़ा गया है.
पार्टी सूत्रों के अनुसार शेष सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कांग्रेस की सूची आने के बाद की जा सकती है. भाजपा स्थानीय सामाजिक समीकरणों और आरक्षण व्यवस्था को ध्यान में रखकर अंतिम रणनीति तैयार कर रही है.

करौली में 35 में से 29 वार्डों पर प्रत्याशी घोषित
करौली जिला परिषद में कुल 35 वार्ड हैं. भाजपा ने 29 वार्डों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, जबकि 6 वार्डों के नाम अभी विचाराधीन रखे गए हैं. जिन वार्डों पर फैसला बाकी है उनमें 10, 13, 22, 25, 27 और 35 शामिल हैं.
घोषित प्रमुख उम्मीदवारों में वार्ड 1 से रमेश चंद मीना, वार्ड 2 से सुकेलेश कंवर, वार्ड 3 से वीर सिंह गुर्जर, वार्ड 4 से कैलाशी देवी, वार्ड 5 से चैन बाई और वार्ड 6 से आशा गुर्जर जैसे नाम शामिल हैं. इसके अलावा अन्य वार्डों में भी भाजपा ने जातीय और स्थानीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवार उतारे हैं.

आरक्षण ने बदले राजनीतिक समीकरण
इस बार करौली में जिला प्रमुख का पद अनुसूचित जाति वर्ग की महिला के लिए आरक्षित किया गया है. इसके चलते विभिन्न दलों ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है. माना जा रहा है कि जिला प्रमुख पद को लेकर चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प रहने वाला है. भाजपा द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा के बाद जिले में चुनावी माहौल गरमा गया है. अब सभी की निगाहें कांग्रेस की सूची पर टिकी हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं