Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गौरव टावर स्थित McDonald's रेस्टोरेंट का फूड लाइसेंस निलंबित कर दिया है. इसके साथ ही आउटलेट पर किसी भी तरह का खाद्य कारोबार करने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है. यह कार्रवाई “शुद्ध आहार मिलावट पर वार” अभियान के तहत की गई है. इस कार्रवाई के बाद मैकडॉनल्ड्स ने इस घटना के बारे में स्पष्टीकरण देते हुए कहा है कि कंपनी इस मामले को देख रही है.
जांच में सामने आई गंभीर गड़बड़ी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (जयपुर द्वितीय) मनीष गुप्ता के अनुसार 9 फरवरी 2026 को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया था. जांच के दौरान इस्तेमाल किए जा रहे तेल का टीपीसी स्तर 28 से 31 के बीच पाया गया, जो तय मानकों से अधिक है. इसके बाद सैंपल लेकर लैब में जांच के लिए भेजे गए, जहां रिपोर्ट में इन्हें असुरक्षित घोषित किया गया.
खाद्य सुरक्षा विभाग ने पहली जांच के बाद रेस्टोरेंट को सुधार करने के निर्देश दिए थे. लेकिन करीब 15 से 20 दिन बाद दोबारा निरीक्षण में कोई खास सुधार नहीं पाया गया. इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए विभाग ने सख्त कदम उठाया.
फूड लाइसेंस निलंबित, बिक्री पर पूरी रोक
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, राजस्थान डॉ. टी शुभमंगला के निर्देश पर आउटलेट का फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया. अब यह रेस्टोरेंट न तो ऑफलाइन और न ही ऑनलाइन किसी भी प्लेटफॉर्म पर खाद्य सामग्री बेच सकेगा. आदेशों का उल्लंघन करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.
कंपनी ने दिया स्पष्टीकरण
वहीं McDonald's ने इस मामले पर सफाई देते हुए कहा कि कुछ तथ्यों को गलत तरीके से पेश किया गया है. कंपनी के अनुसार हालिया जांच के बाद जरूरी सुधार किए जा चुके हैं. साथ ही उन्होंने अपने वैश्विक फूड सेफ्टी मानकों पर भरोसा जताते हुए कहा कि वे सभी नियमों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और अधिकारियों के साथ मिलकर इस मुद्दे को सुलझाने का प्रयास कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें- करौली: कलेक्ट्रेट में जब 'साहब' की कुर्सी उठाकर ले गई टीम, क्या है वो विवाद जिस पर कोर्ट ने लिया एक्शन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं