जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित निम्स अस्पताल में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां बेटे की चाह में एक पिता ने अपनी ही कुछ घंटे पहले जन्मी मासूम बेटी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार आरोपी पहले से दो बेटियों का पिता था और तीसरी संतान भी बेटी होने से नाराज था. उसकी पत्नी की अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी हुई थी. मां ऑपरेशन के बाद आईसीयू में भर्ती थी, जबकि नवजात अलग वार्ड में रखी गई थी.
गला दबाकर हत्या का आरोप
पुलिस ने बताया कि आरोपी पिता रवि कुमार यादव (34) कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना क्षेत्र के बिचपुरी गांव निवासी है. तीसरी बार बेटी होने से वह नाराज था. वह लड़का चाहता था. सिजेरियन डिलीवरी के बाद उसकी पत्नी आईसीयू में भर्ती थी. इधर अलग वार्ड में रखी नवजात को दूध पिलाने के बहाने पिता ने कथित रूप से उसकी गला दबाकर हत्या कर दी.
जानकारी के अनुसार, रवि ने 27 जुलाई को अपनी पत्नी कोमल को प्रसव के लिए निम्स अस्पताल में भर्ती कराया था. 29 जुलाई को सिजेरियन डिलीवरी के बाद कोमल ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया. उसके पहले 2 बेटियां और जैसे ही तीसरी बार फिर से बेटी हुई तो रवि कथित रूप से सदमे में चला गया. पुलिस के मुताबिक, बुधवार तड़के करीब चार बजे रवि ने वार्ड में ही नवजात का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी.
बच्ची का शव लेकर घूमता रहा दादा
कुछ देर बाद जब अस्पताल स्टाफ बच्ची को देखने पहुंचा तो उसकी हालत संदिग्ध मिली. पूछताछ में रवि के व्यवहार पर संदेह हुआ और सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बच्ची की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली. मृत बच्ची का दादा पोती के शव को पोटली में लेकर आरोपी बेटे से मिलने के लिए अस्पताल में भटकता रहा. सूचना मिलते ही चंदवाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल के CCTV फुटेज सहित अन्य साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं.
सुरक्षा गार्ड का काम करता है आरोपी पिता
चंदवाजी थाना प्रभारी राजवीर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है. जांच में सामने आया कि कोमल मूल रूप से बिहार की रहने वाली है. उसकी शादी वर्ष 2021 में रवि यादव से हुई थी. वर्ष 2022 में पहली और 2024 में दूसरी बेटी का जन्म हुआ था. रवि नीमराना स्थित एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत है. निम्स अस्पताल की नर्सिंग स्टाफ सुनीता शर्मा की ओर से आरोपी रवि यादव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया गया है.
नवजात के दादा मुरारी लाल यादव ने कहा कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि उनका बेटा ऐसा कदम उठा सकता है. उन्होंने बताया कि पुलिस हिरासत में होने के कारण उन्हें बेटे से मिलने नहीं दिया जा रहा है और वे स्वयं भी जानना चाहते हैं कि आखिर उसने ऐसा क्यों किया. चंदवाजी थाना प्रभारी राजवीर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि स्वस्थ बच्ची के जन्म के बाद उसकी देखरेख के लिए उसे पिता के सुपुर्द किया गया था पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुत्र की चाह में नवजात बेटी की गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की है. आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है.
यह भी पढे़ं- मां-बेटे की जोड़ी चला रही थी देह व्यापार का रैकेट, गुजरात और बंगाल की युवतियां भी मिलीं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं