कोटा में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमें मंत्री के नाम से ठगी करनेवाले एक आरोपी को खुद मंत्री ने ही गिरफ्तार करवाया. ठगी के इस मामले में आरोपी ने शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर के नाम पर एक महिला ग्राम विकास अधिकारी (VDO) से 20 हजार रुपये ले लिए. आरोपी नरोत्तम बड़ारिया ने खुद को मंत्री मदन दिलावर के भाई का करीबी बताकर ठगी की. इसकी जानकारी जब मंत्री दिलावर को मिली तो उन्होंने ही पुलिस से कार्रवाई करने के निर्देश दिए. इसके बाद आरोपी बड़ारिया को गिरफ्तार कर लिया गया.
मंत्री का भाई बन कर ठगी का प्रयास
यह मामला सांगोद पंचायत समिति का है. कोटा ग्रामीण पुलिस ने बताया कि आरोपी नरोत्तम बड़ारिया ने एक महिला ग्राम विकास अधिकारी मंजुला वैरागी के साथ ट्रांसफर कराने के नाम पर ठगी की. सांगोद थाना पुलिस के अनुसार आरोपी नरोत्तम बड़ारिया ने खुद को मंत्री के भाई का करीबी बताकर पीड़ित अधिकारी को झांसे में लिया. इसके बाद उससे 20 हजार रुपये एडवांस ले लिए.
मंत्री मदन दिलावर से शिकायत और कार्रवाई
जब अधिकारी को ठगी का अहसास हुआ तो वह मंत्री मदन दिलावर के आवास पहुंच गई और इसकी शिकायत की. जब मंत्री मदन दिलावर तक बात पहुंची तो उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई करने का आदेश दिया. उन्होंने महावीर नगर थाना प्रभारी को बुलाया और आरोपी के खिलाफ नामजद जीरो एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए.
मंत्री के निर्देश के बाद सांगोद थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी नरोत्तम बड़ारिया को गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी से अब पूछताछ कर पता लगाने की कोशिश हो रही है कि क्या उसने और भी लोगों को शिकार बनाया है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ठगी में उसके साथ और भी लोग तो शामिल नहीं हैं.
ये भी पढ़ें-: IPS ओम प्रकाश ने पाक बॉर्डर पर ड्रग्स-हवाला नेटवर्क की तोड़ी कमर, 5 महीने में 1018 आरोपी गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं