विज्ञापन
This Article is From Jul 23, 2016

बिहार : दलित युवकों की पिटाई के मामले में 2 गिरफ्तार, पुलिस ने 'मुंह में पेशाब' का आरोप बताया गलत

बिहार : दलित युवकों की पिटाई के मामले में 2 गिरफ्तार, पुलिस ने 'मुंह में पेशाब' का आरोप बताया गलत
प्रतीकात्मक तस्वीर
  • मुजफ्फरपुर में दलित युवकों पर बाइक चोरी का आरोप लगाकर पिटाई का मामला
  • मामले में मुखिया के पति सहित 11 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया
  • पीड़ितों पर आरोपियों द्वारा पेशाब करने की बात सच साबित नहीं हुई : पुलिस
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र में बाइक चोरी के आरोप में दो दलित युवकों की पिटाई के दो आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया।

मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार ने बताया कि बाबूटोला में बाइक चोरी के आरोप में दो युवकों की पिटाई के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। कुमार ने स्पष्ट किया कि पुलिस की अब तक की जांच में पीड़ित युवकों के मुंह में आरोपियों द्वारा पेशाब किए जाने की बात सच साबित नहीं हुई है।

उल्लेखनीय है कि मठिया टोला गांव निवासी सुनीता देवी द्वारा पारू थाना में दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि उसका बेटा राजीव कुमार पासवान अपने दोस्त मुन्ना पासवान के साथ बुधवार शाम बाबूटोला गांव में अन्नपूर्णा महायज्ञ देखने गए थे, तभी उत्तरी पारू पंचायत की मुखिया के पति मुकेश ठाकुर अपने कई सहयोगियों के साथ वहां पहुंचे और दोनों युवकों पर बाइक चोरी करने का आरोप लगाते हुए मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक गाली दी गई। महिला ने आरोप लगाया कि मुकेश के कहने पर ही मुखिया के भतीजे ने पीड़ित युवकों के मुंह में पेशाब कर दिया।

सुनीता के बयान के आधार पर पारू थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, जिसमें मुखिया के पति सहित 11 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। मुखिया के पति मुकेश ठाकुर ने इन सभी आरोपों को निराधार बताया है। इस मामले को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर निशाना साध रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रही है।

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
बिहार, मुजफ्फरपुर, दलित की पिटाई, दलित उत्पीड़न, Bihar, Mujaffarpur, Dalit Attrocity, Dalit Beaten Up
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com