Khel Ratna Award Announced: खेल मंत्रालय ने 2024 के लिए राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों का ऐलान कर दिया है. इस बार चार एथलीटों को मेजर ध्यान चंद खेल रत्न अवॉर्ड के लिए चुना गया है. जिन एथलीटों को इस बार खेल रत्न मिल रहा है, उसमें वर्ल्ड चैंपियन ग्रैंडमास्टर डी गुकेश, भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह, पैरा ओलंपिक के गोल्ड मेडल विजेता प्रवीण कुमार और पेरिस ओलंपिक में शूटिंग में दो मेडल जीतने वाली मनु भाकर शामिल हैं. पुरस्कार विजेताओं को 17 जनवरी, 2025 (शुक्रवार) को एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति भवन में पुरस्कार दिए जाएंगे. खेल मंत्रालय ने इस बार कुल 32 एथलीट, जिसमें 17 पैरा एथलीट शामिल हैं, उन्हें अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है. हालांकि, इस बार कोई क्रिकेटर ऐसा नहीं है, जिसे अवॉर्ड मिला रहा हो.
हाल ही में कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था कि खेल रत्न के लिए जिन खिलाड़ियों के नामों का प्रस्ताव दिया गया है, उसमें मनु भाकर का नाम गायब है, जिसके बाद भारी हंगामा हुआ था. मनु के पिता राम किशन और कोच जसपाल राणा इस अपमान से नाराज थे. हालांकि, मनु भाकर ने माना कि नामांकन दाखिल करते समय उनसे चूक हुई होगी.
मनु भाकर ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा,"सबसे प्रतिष्ठित खेल रत्न पुरस्कार के लिए मेरे नामांकन को लेकर चल रहे मुद्दे के संबंध में - मैं बताना चाहूंगी कि एक एथलीट के रूप में मेरी भूमिका अपने देश के लिए खेलना और प्रदर्शन करना है. पुरस्कार और मान्यता मुझे प्रेरित करते हैं लेकिन ये मेरा लक्ष्य नहीं हैं. मुझे लगता है कि नामांकन भरते समय शायद मेरी ओर से कोई चूक हुई है, जिसे ठीक किया जा रहा है. पुरस्कार के बावजूद मैं अपने देश के लिए और अधिक पदक जीतने के लिए प्रेरित रहूंगी. सभी से अनुरोध है कि कृपया इस मामले पर अटकलें न लगाएं."
मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत और 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था. मनु भाकर ओलंपिक के एक ही संस्करण में दो पदक जीतने वाली स्वतंत्र भारत की पहली एथलीट बनी थीं.
पेरिस ओलंपिक में ही उसी हरमनप्रीत की अगुवाई में भारतीय हॉकी टीम ने कांस्य पदक दिता था. बीते दो दशक में यह पहली बार हुआ था, जब भारतीय हॉकी टीम ने लगातार दो ओलंपिक में पदक जीता था. हॉकी टीम ने 2022 टोक्यो ओलंपिक में भी कांस्य अपने नाम किया था.
वहीं 18 साल के डी गुकेश ने दिसंबर में सबसे कम उम्र के विश्व चैंपियन बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया. गुकेश ने फिडे वर्ल्ड चैंपियन में चीन के डिंग लिरेन को हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की थी. इसके अलावा उन्होंने शतरंज ओलंपियाड में भारतीय टीम को ऐतिहासिक स्वर्ण जीतने में भी मदद की थी.
पैरा हाई-जम्पर प्रवीण ने पेरिस पैरालिंपिक में टी64 कैटेगरी में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था. टी64 कैटेगरी उन एथलीटों के लिए है जिनके घुटने के नीचे एक या दोनों पैर नहीं होते और दौड़ने के लिए कृत्रिम पैर पर निर्भर होना पड़ता है.
यहां देखें किन्हें मिला खेल रत्न
| खिलाड़ियों का नाम | खेल कैटेगरी |
| डी गुकेश | चेस |
| हरमनप्रीत सिंह | हॉकी |
| प्रवीण कुमार | पैरा एथलीट |
| मनु भाकर | शूटिंग |
अर्जुन अवॉर्ड खिलाड़ियों की पूरी लिस्ट
| खिलाड़ियों का नाम | खेल कैटेगरी |
| ज्योति याराजी | एथलेटिक्स |
| अन्नू रानी | एथलेटिक्स |
| नितू घंघास | बॉक्सिंग |
| स्वीटी | बॉक्सिंग |
| वंतिका अग्रवाल | चेस |
| सलीमा टेटे | हॉकी |
| अभिषेक | हॉकी |
| संजय | हॉकी |
| जरमनप्रीत सिंह | हॉकी |
| सुखजीत सिंह | हॉकी |
| राकेश कुमार | पैरा-आर्चरी |
| प्रीति पाल | पैरा-एथलेटिक्स |
| जीवंजी दीप्ति | पैरा-एथलेटिक्स |
| अजीत सिंह | पैरा-एथलेटिक्स |
| सचिन खिलारी | पैरा-एथलेटिक्स |
| धर्मवीर | पैरा-एथलेटिक्स |
| प्रणव सूरमा | पैरा-एथलेटिक्स |
| होकाटो होतोझे सेमा | पैरा-एथलेटिक्स |
| सिमरन | पैरा-एथलेटिक्स |
| नवदीप | पैरा-एथलेटिक्स |
| नितेश कुमार | पैरा-बैडमिंटन |
| थुलसिमति मुरुगेसन | पैरा-बैडमिंटन |
| नित्य श्री सुमति सिवान | पैरा-बैडमिंटन |
| मनीषा रामदास | पैरा-बैडमिंटन |
| कपिल परमार | पैरा-जूडो |
| मोना अग्रवाल | पैरा-शूटिंग |
| मोना अग्रवाल | पैरा-शूटिंग |
| स्वप्निल सुरेश कुसले | शूटिंग |
| सरबजोत सिंह | शूटिंग |
| अभय सिंह | स्क्वैश |
| साजन प्रकाश | स्विमिंग |
| अमन | रेसलिंग |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं