विज्ञापन

‘सेक्सुअल हैरेसमेंट, गंदे कमेंट, फेक AI फोटोज’, सिल्वर मेडलिस्ट पावरलिफ्टर कीया बनर्जी ने बताया क्या-क्या झेला

कीया बनर्जी का वजन 45.7 किलो था और उन्होंने डेडलिफ्ट में 140 किलो का वजन उठाकर सिल्वर अपने नाम किया था.

‘सेक्सुअल हैरेसमेंट, गंदे कमेंट, फेक AI फोटोज’, सिल्वर मेडलिस्ट पावरलिफ्टर कीया बनर्जी ने बताया क्या-क्या झेला
Keyaa Banerji Viral For 140kg Lift Reveals Disturbing Online Abuse

भारतीय पावरलिफ्टर कीया बनर्जी ने 2026 IPF वर्ल्ड सब-जूनियर और जूनियर क्लासिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करके सुर्खियां बटोरीं हैं. 21 साल की इस खिलाड़ी ने डेडलिफ्ट इवेंट में अपने शरीर के वजन से तीन गुना भार उठाया. कीया ने 140 किलोग्राम वजन उठाकर भारत के लिए सिल्वर मेडल जीता था. जहां सोशल मीडिया पर बनर्जी की खूब तारीफ़ हो रही थी, वहीं उन्होंने सोशल मीडिया पर हुई ट्रोलिंग का खुलासा भी किया है.  कीया ने बताया कि उनकी इस कामयाबी की वजह से उन्हें ऑनलाइन यौन उत्पीड़न, पहचान की चोरी का सामना करना पड़ा है. साथ ही उन्होंने कहा है कि उनके चेहरे व शरीर का इस्तेमाल करके AI से मॉर्फ इमेज बनाई गई हैं. कीया ने अपनी उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी से अपना अनुभव साझा किया है.

कीया बनर्जी ने इंस्टाग्राम पर लिखा,"मैंने हाल ही में भारत के लिए IPF जूनियर वर्ल्ड्स में डेडलिफ्ट में सिल्वर मेडल जीता है. हालांकि मैं मिले समर्थन और पहचान की सराहना करती हूं, लेकिन एक भारतीय महिला एथलीट होने के नाते मुझे ऑनलाइन यौन उत्पीड़न, मेरे नाम से बने नकली अकाउंट्स, मेरी जातीयता, पूर्वजों और जाति को लेकर परेशान करने वाली बातचीत का सामना करना पड़ा है." 

Latest and Breaking News on NDTV

कीया ने आगे कहा,"सबसे बुरी बात - मेरी हज़ारों AI-जनरेटेड तस्वीरें, जिनमें मेरे शरीर और चेहरे को बहुत ही परेशान करने वाले तरीकों से मॉर्फ़ और एडिट किया गया है. हर दिन उठकर अपनी फ़ीड (और उन सभी लोगों की फ़ीड जिन्हें मैं जानती हूं) को इन नकली AI तस्वीरों से भरा हुआ देखना वाकई बहुत परेशान करने वाला है."

बनर्जी ने आगे कहा कि वह हमेशा से ही अपनी जिंदगी को निजी रखने वाली इंसान रही हैं और सोशल मीडिया पर ज्यादा तस्वीरें शेयर करने वालों में से नहीं हैं. इसी वजह से, खुद को "हर जगह" देखना उनके लिए बहुत मुश्किल अनुभव रहा है.

कीया ने आगे लिखा,"मैं हमेशा से ही अपनी ज़िंदगी को निजी रखने वाली इंसान रही हूं, और अगर आप मुझे किसी भी तरह से जानते हैं या मेरे पुराने अकाउंट को फॉलो करते थे, तो आपको पता होगा कि मैं उस पर भी कभी तस्वीरें पोस्ट नहीं करती थी. तनाव तब और बढ़ गया जब इंस्टाग्राम ने मेरा पुराना अकाउंट (300 फ़ॉलोअर्स वाला एक प्राइवेट अकाउंट) सस्पेंड कर दिया, इसलिए मैंने यह नया अकाउंट बनाया है. मैं इसे पब्लिक नहीं करना चाहती थी, लेकिन मेरे पास कोई और चारा नहीं था. अगर मैं अपने खेल और उपलब्धियों के बारे में अपनी बात रखना चाहती हूं और बिना अकाउंट सस्पेंड हुए अपने लिए आवाज़ उठाना चाहती हूं. तो मुझे ऐसा करना ही था."

उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा,"मेरी जिंदगी में मेरे खेल का मकसद बस मजेदार तरीके से खुद को चुनौती देना है और मैं शुक्रगुज़ार हूं कि मैं इस लेवल पर मुक़ाबला कर रही हूं. मैं कभी भी खुद को इस तरह हर जगह नहीं देखना चाहती थी, बल्कि मुझे तो अपनी मर्जी के बिना सामने आने वाले ये सभी AI पोस्टर बिल्कुल पसंद नहीं थे."
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Other Sports
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com