विज्ञापन
This Article is From Jan 07, 2016

मुंबई : सीसीटीवी में कैद हुआ चड्डी-बनियान गिरोह का आतंक, चौकीदार को बुरी तरह पीटा

मुंबई : सीसीटीवी में कैद हुआ चड्डी-बनियान गिरोह का आतंक, चौकीदार को बुरी तरह पीटा
सीसीटीवी फुटेज।
मुंबई: मुंबई और आसपास के इलाकों में चड्डी - बनियान गिरोह के आतंक की चर्चा होती रहती है लेकिन पहली बार उनका आतंक सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। सीसीटीवी के फुटेज मे आरोपी विरोध करने आए बुजुर्ग चौकीदार को पत्थरों से मारते हुए दिख रहे हैं। हालांकि इमामुद्दीन नाम के चौकीदार ने बहादुरी दिखाते हुए मुकाबले की भरपूर कोशिश की लेकिन खतरनाक चोरों के आगे टिक नही पाए।

कल्याण की सर्वोदय सोसाइटी में हुई वारदात
यह वारदात मुंबई से सटे कल्याण की सर्वोदय सागर सोसाइटी में हुई। गुरुवार को तड़के चड्ढी - बनियान गिरोह के आठ चोर दबे पांव घुसे और 3 घरों में चोरी को अंजाम दिया। वे अभी बाहर निकल ही रहे थे कि चौकीदार इमामुद्दीन को उनकी भनक लग गई और वे  डंडा लेकर मारने झपटे। चोर अमूमन इस तरह के हमले से डरकर भाग जाते हैं लेकिन इन चोरों ने उलटे हमला कर दिया। इस गिरोह की खासियत है कि यह बदमाश शरीर पर कम से कम कपड़े पहने होते हैं। बदन पर तेल लगाकर रखते हैं ताकि पकड़ में न आएं। कपड़ों में पत्थर और दूसरे हथियार छिपाए रहते हैं।

चौकीदार अस्पताल में भर्ती
सीसीटीवी के फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे चोर चौकीदार की अपने साथ लाए गए पत्थरों से पिटाई कर रहे हैं। बुरी तरह से जख्मी चौकीदार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।  इस वारदात के बाद से इलाके के लोग डरे हुए हैं। कल्याण की बाजार पेठ पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
मुंबई, चड्डी-बनियान गिरोह, सीसीटीवी कैमरे, कल्याण, सर्वोदय सोसाइटी, चोरी की वारदात, Mumbai, Chaddi Baniyan Gang, CCTV Footage, Kalyan, Sarvodaya Society, Thieves
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com