- बोरीवली से विरार जा रही मुंबई लोकल ट्रेन में एक युवती को छेड़छाड़ का विरोध करने पर पटरी पर धकेला
- ट्रेन के पहिये के नीचे आने से लड़की का बायां हाथ कट गया. वह घर में अकेली कमाने वाली थी
- पीड़िता के सिर में 16 टांके आए हैं, उसने कहा कि मेरी पूरी जिंदगी खराब हो गई
मुंबई लोकल में छेड़छाड़ का एक दिल दहलादेने वाला मामला सामने आया है. बोरीवली से विरार जा रही लोकल ट्रेन में एक युवती के साथ छेड़छाड़ की गई. विरोध करने पर आरोपी ने उसे नायगांव स्टेशन पर पटरियों पर धकेल दिया. इस घटना में युवती का बायां हाथ ट्रेन के पहिये के नीचे आ गया, जिसे बाद उसे काटना पड़ा. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.इस घटना ने लोकल ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर गरमा दिया है. पीड़िता ने अपनी आपबीती बताई है.
मुंबई लोकल में छेड़छाड़, ट्रेन से दिया धक्का
युवती की शिकायत के मुताबिक, लोकल ट्रेन के नायगांव स्टेशन पर पहुंचने के बाद आरोपी ने उसके साथ बदसलूकी की. इस पर युवती ने गुस्सा जताते हुए उसे चप्पल फेंककर मारी. इसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया.वहां मौजूद यात्रियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए अपनी चप्पल युवती की तरफ फेंकी. जब ट्रेन प्लेटफॉर्म पर रुकी तो आरोपी ने उसके करीब आकर उसे दोनों हाथों से जोर से धक्का दे दिया. इससे उसका संतुलन बिगड़ा और वह दो डिब्बों के बीच की जगह से पटरियों पर गिर गई. वह प्लेटफॉर्म पर चढ़ने की कोशिश कर ही रही थी कि ट्रेन चल पड़ी और उसका बायां हाथ पहिये के नीचे आ गया. कोहनी के पास से हाथ कट जाने की वजह से वह गंभीर रूप से घायल हो गई.

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
ट्रेन के जाने के बाद वर्दी में मौजूद एक पुलिसकर्मी और यात्रियों की मदद से उसे प्लेटफॉर्म पर लाया गया. इस बीच आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया.हालांकि आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है. इस मामले में शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 117(2) और 352 के तहत मामला दर्ज किया गया था. हालांकि, हत्या की कोशिश की धारा 109 न लगाए जाने पर युवती के परिजनों ने पुलिस जांच पर संदेह जताया.
पहिए के नीचे आने से एक हाथ कटा
पीड़िता के परिजनों ने MNS से मदद मांगी. जिसके बाद MNS पदाधिकारियों ने जीआरपी लोहमार्ग पुलिस के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक से मुलाकात की. बताया जा रहा है कि पुलिस ने जल्द ही आवश्यक धाराएं बढ़ाने का आश्वासन दिया है. वहीं पीडिता का इलाज अस्पताल में चल रहा है.
ये वीडियो भी देखें-
ये भी पढे़ं-हाथी के पैर के नीचे दबकर भी जिंदा बच गया बाइक सवार, हरिद्वार-देहरादून हाईवे का वीडियो वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं