महाराष्ट्र के अहमदनगर-मनमाड हाईवे का रुका हुआ काम इन दिनों सियासी बयानबाजी की वजह बन गया है. इस सड़क के रुके हुए काम को लेकर पूर्व सांसद और बीजेपी नेता सुजय विखे पाटिल ने एक ऐसा चौंकाने वाला बयान दिया है, जिसकी वजह से वह विपक्ष और आम जनता के निशाने पर आ गए हैं. उन्होंने सड़क निर्माण में हो रही देरी का ठीकरा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर फोड़ा है. सुजय विखे ने काम में हुई देरी के लिए सीधे तौर पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जिम्मेदार ठहराया है.
अहिल्यानगर में बोलते हुए विखे-पाटिल ने दावा किया कि ईरान से जुड़े सैन्य संघर्ष की वजह से ग्लोबल लेवल पर कच्चे तेल की सप्लाई पर असर पड़ा है, जिसके बाद सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाले पेट्रोलियम बेस्ड प्रोडक्ट की मौजूदगी पर प्रभाव पड़ा है.
बीजेपी नेता ने क्या वजह बताई?
सुजय विखे ने तर्क दिया कि डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों और उनके द्वारा किए गए युद्धों के कारण वैश्विक स्तर पर सप्लाई चेन प्रभावित हुई है. इस वजह से सड़कों के निर्माण के लिए जरूरी 'डामर' स्थानीय स्तर पर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है.
हालात ये हैं कि सड़क बनाने के लिए डामर सीधे दिल्ली से मंगवाना पड़ रहा है, जिसकी वजह से कई सड़कों के काम ठप पड़ गए हैं और नगर-मनमाड हाईवे भी इसी का शिकार हुआ है. इस अजीबोगरीब तर्क के साथ ही सुजय विखे पाटिल ने बेहद आत्मविश्वास के साथ यह भी दावा किया कि नगर-मनमाड हाईवे का रुका हुआ काम सिर्फ और सिर्फ सुजय विखे ही पूरा कर सकता है.
ये भी पढ़ें: डेढ़ घंटे तक जज की गाड़ी रोक दी! महाराष्ट्र में नाराज अभ्यार्थियों का हंगामा
हाल ही में महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहीर ने शनिशिंगणापुर में शनि महाराज के दर्शन किए थे. इस दौरान उन्होंने सुजय विखे के बयान पर करारा तंज कसते हुए कहा था, "भले ही डोनाल्ड ट्रंप को बुला लाओ, लेकिन किसी भी तरह इस नगर-मनमाड सड़क का काम तुरंत पूरा करो."
अहिल्यानगर-मनमाड महामार्ग लंबे वक्त से अपनी खराब स्थिति के कारण हादसों और ट्रैफिक जाम का कारण बना हुआ है. स्थानीय लोग इस सड़क के जल्द निर्माण की मांग कर रहे हैं. ऐसे में अपनी या प्रशासन की कमियों को स्वीकार करने के बजाय, सड़क के काम में देरी के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जिम्मेदार ठहराना राजनीतिक हलकों में हास्य और आलोचना का विषय बन गया है.
(इनपुट- प्रसाद शिंदे)
ये भी पढ़ें: न कंप्यूटर काम किए ना बैठने के इंतजाम... छत्रपति संभाजीनगर के परीक्षा केंद्र का हाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं